प्रयागराज के हंडिया में समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व प्रधान पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था. शुरुआती पूछताछ में हत्या की वजह व्यक्तिगत रंजिश बताई गई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी एक ही बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे. निहाल अली बाइक चला रहा था, जबकि बृजेश यादव बीच में और लल्ला यादव सबसे पीछे बैठा था. पुलिस का दावा है कि लल्ला यादव ने भी पवन यादव पर गोली चलाई थी. वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात के लिए करीब 20 हजार रुपये में दो तमंचे और कारतूस खरीदे थे. पुलिस ने दोनों तमंचों को बरामद कर लिया है. इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस के कब्जे में है.
शुरुआती पूछताछ में आरोपी लल्ला यादव ने पवन यादव से व्यक्तिगत दुश्मनी की बात बताई है. पुलिस इसी एंगल को वारदात की मुख्य वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है. हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है.
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने सपा नेता पवन यादव को गोली मार दी थी. घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पवन यादव मुंगराव गांव के रहने वाले थे और समाजवादी पार्टी के युवा नेता, जिला सचिव और पूर्व प्रधान रह चुके थे. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पवन यादव की मौत की खबर के बाद मोर्चरी पर सपा नेताओं और समर्थकों की भीड़ जमा हो गई थी.
डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार, वारदात को एक बाइक पर आए तीन हमलावरों ने अंजाम दिया था. मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं. पुलिस को घटनास्थल के CCTV फुटेज भी मिले थे, जिनकी मदद से जांच आगे बढ़ाई गई.
वहीं, मृतक के भाई ब्रजेश यादव ने बताया था कि पवन यादव किसी के बुलाने पर घर से घर से निकले थे. उन्होंने किसी पारिवारिक या पुरानी रंजिश की आशंका से इनकार किया था. अब पुलिस की पूछताछ में व्यक्तिगत रंजिश की बात सामने आई है. पुलिस मामले में आगे की जांच और आरोपियों से पूछताछ कर रही है.