बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिली है. रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति ने खुद को गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताते हुए अभिनेता को फोन किया और 5 करोड़ रुपये की मांग की. धमकी भरा फोन मिलने के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामले की जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई. पुलिस अब फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है.
क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे फोन की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की और उसमें सुनाई दे रही आवाज की तुलना हैरी बॉक्सर की उपलब्ध रिकॉर्डिंग से की. शुरुआती जांच में दोनों आवाजों के बीच समानता नहीं मिली है. इसके बाद पुलिस को शक है कि किसी व्यक्ति ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने और पैसे ऐंठने की कोशिश की हो सकती है.