menu-icon
India Daily

बहन से झगड़ने पर डांटा तो कातिल बना बेटा, दरांती से कर दी पिता की हत्या

पुलिस के मुताबिक, पिता ने उसे छोटी बहन से झगड़ा करने पर डांटा था और थप्पड़ भी मारा था. इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
बहन से झगड़ने पर डांटा तो कातिल बना बेटा, दरांती से कर दी पिता की हत्या
Courtesy: pinterest

गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपने 58 वर्षीय पिता की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, पिता ने उसे छोटी बहन से झगड़ा करने पर डांटा था और थप्पड़ भी मारा था. इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया. मृतक की पहचान मोहम्मद इरफान (58) और आरोपी की पहचान मोहम्मद शावेज (22) के रूप में हुई है. घटना शनिवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच अशोक विहार स्थित उनके घर में हुई.

सोते समय दरांती से किया हमला

लोनी के एसीपी रामकिशन के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान आरोपी ने घर में रखी दरांती से अपने पिता के सिर पर कई वार किए. गंभीर चोट लगने से इरफान की हालत बिगड़ गई. उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया. परिजन घायल इरफान को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती भी बरामद कर ली है.

शुक्रवार शाम हुआ था विवाद

लोनी के थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, शुक्रवार शाम शावेज का अपनी छोटी बहन से झगड़ा हुआ था. पिता ने बेटी का पक्ष लेते हुए शावेज को डांटा और थप्पड़ मार दिया. इससे नाराज होकर उसने देर रात पिता पर हमला करने की योजना बनाई. मृतक की बड़ी बेटी की शिकायत पर लोनी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया.

उम्र को लेकर भी हुआ था संदेह

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में परिवार ने आरोपी की उम्र 15 साल बताई थी. हालांकि, स्कूल में जांच के दौरान प्रिंसिपल ने लिखित जानकारी दी कि उसका जन्म 2004 में हुआ था और वह आठवीं कक्षा का छात्र है. इसके आधार पर पुलिस ने उसकी उम्र 22 साल मानी और उसे बालिग आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया.