menu-icon
India Daily

आजमगढ़: पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, 3 की मौत और 6 घायल

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई.

Shilpa Shrivastava
आजमगढ़: पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार कार, 3 की मौत और 6 घायल
Courtesy: Pinterest

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोदार थी कि कार पलट गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5 बजे फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास हुआ. 

यह कार पंजाब नंबर की थी और इसमें नौ लोग सवार थे. सभी लोग गणेश चतुर्थी के मौके पर राजभर पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे. इस हादसे में सत्यम मोदीवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19) ने फूलपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

हादसे में 6 लोग घायल:

इस हादसे में 6 लोग घायल हो गए हैं. इनकी पहचान कर ली गई है, जिनमें अंश सोनकर, अनमोल मोदीवाल, किशन मोदीवाल, सक्षम बरनवाल, अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय हैं. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस ने शुरू किया राहत और जांच का काम:

हादसे की जानकारी मिलते ही फूलपुर क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है.

बागपत में भी हुआ था बड़ा बस हादसा:

इससे पहले 6 सितंबर को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था. यात्रियों से भरी बस ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी. इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी और कई यात्री घायल हुए थे.