बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक लापता दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. जलालपुर गांव निवासी देशराज और उनकी पत्नी सुषमा सोमवार सुबह जंगल में लकड़ी काटने के लिए गए थे, लेकिन वापस घर नहीं लौटे. मंगलवार सुबह दोनों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए. महिला का शव गंगा किनारे कम पानी में मिला, जबकि करीब एक किलोमीटर दूर युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के अनुसार देशराज अपनी पत्नी सुषमा के साथ सोमवार सुबह सदपुरा-जलालपुर के जंगल में लकड़ी काटने गए थे. दोपहर करीब दो बजे तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई. इसके बाद उनका बेटा माता-पिता की तलाश में जंगल की ओर गया, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई पता नहीं चला.
दंपती के लापता होने की सूचना के बाद मंगलवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम जंगल में पहुंची. रेंजर महेश गौतम के साथ पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की. करीब आठ बजे सुषमा का शव गंगा किनारे कम पानी में मिला.
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला की मौत को हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है. उसके गले पर दबाव के निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला की हत्या किन परिस्थितियों में और किसने की.
सुषमा का शव मिलने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने देशराज की तलाश जारी रखी. खोजबीन के दौरान करीब एक किलोमीटर दूर एक पेड़ पर देशराज का शव लटका हुआ मिला. उसका शव क्लच के तार से लटका था. पति की मौत का यह तरीका भी मामले को और संदिग्ध बना रहा है.
दोनों की मौत अलग-अलग परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस हत्या, आत्महत्या और घटना से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिवार और ग्रामीणों से भी जानकारी ले रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.
दंपती के दो बेटे और दो बेटियां हैं. दोनों के शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर एएसपी सिटी कृष्ण गोपाल और सीओ अभय पांडे भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. महिला की मौत को लेकर हत्या की आशंका सामने आई है, जबकि पति का शव पेड़ से लटका मिलने के कारण उसकी मौत की परिस्थितियां भी सवालों के घेरे में हैं. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.