menu-icon
India Daily

'मुलायम सिंह के आदेश पर चली थीं कारसेवकों पर गोलियां', ओपी राजभर ने सपा पर बोला हमला

यूपी के मंत्री ओपी राजभर ने 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने सपा नेताओं पर भी गंभीर आरोप लगाए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'मुलायम सिंह के आदेश पर चली थीं कारसेवकों पर गोलियां', ओपी राजभर ने सपा पर बोला हमला
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने 1990 में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के आदेश पर कारसेवकों पर गोलियां चलाई गई थीं. राजभर ने दावा किया कि मुलायम सिंह ने लोकसभा और उत्तर प्रदेश विधानसभा, दोनों जगह इस घटना का जिक्र किया था.

राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता जो बातें कहते हैं और वास्तव में जो करते हैं, उनमें काफी अंतर है. उन्होंने दावा किया कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव भी गोली चलाने के फैसले की बात स्वीकार कर चुके हैं.

योगी ने अखिलेश से मांगा था माफी मांगने का जवाब

ओपी राजभर का यह बयान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से कारसेवकों पर गोली चलवाने की घटना के लिए माफी मांगने को कहा था. अयोध्या में एक कार्यक्रम के दौरान योगी ने कहा था कि अखिलेश यादव का स्वागत है, लेकिन उन्हें सबसे पहले उन कारसेवकों से माफी मांगनी चाहिए, जिन पर राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान गोलियां चलाई गई थीं. उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और पछतावा जताना चाहिए.

राम भक्तों और संतों के अपमान का भी उठाया मुद्दा

योगी आदित्यनाथ ने राम जन्मभूमि आंदोलन के लंबे संघर्ष और इसमें कारसेवकों तथा संतों के योगदान को याद किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने आंदोलन का समर्थन करने वालों को दबाया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अयोध्या में हवाई अड्डा तक नहीं बन पाया था, जबकि अब यहां महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, संतों पर लाठीचार्ज कराया और उनका अपमान किया, उन्हें अयोध्या आने से पहले राम भक्तों और संतों से माफी मांगनी चाहिए.