menu-icon
India Daily

मिडटर्म चुनाव में हार से बौखलाए ट्रंप, बोले- अमेरिका इतिहास में पीछे चला गया, हम फिर मजबूत होकर लौटेंगे

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने निराशा जताई. हालांकि उन्होंने वापसी का भरोसा दिया. वहीं, डेमोक्रेट्स ने सरकार की नीतियों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
मिडटर्म चुनाव में हार से बौखलाए ट्रंप, बोले- अमेरिका इतिहास में पीछे चला गया, हम फिर मजबूत होकर लौटेंगे
Courtesy: X

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की बड़ी हार के बाद रविवार को प्रतिक्रिया दी. उन्होंने चुनाव नतीजों को अमेरिका के इतिहास में एक बड़ा पीछे हटना बताया. हालांकि, ट्रंप ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी पहले से ज्यादा ताकत के साथ वापसी करेगी. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि चुनाव नतीजों से अमेरिका ने इतिहास में बड़ा कदम पीछे लिया है. उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव के बाद शेयर बाजार में गिरावट आई है, जबकि उनके कार्यकाल में बाजार में तेजी देखी गई थी.

स्टीफन मिलर को बनाया चीफ ऑफ स्टाफ

हार के बावजूद ट्रंप ने आक्रामक रुख अपनाया है. शुक्रवार को उन्होंने अपने सख्त रुख वाले सलाहकार स्टीफन मिलर को नया चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया. मिलर ट्रंप की कठोर आव्रजन नीति के प्रमुख रणनीतिकार माने जाते हैं. वहीं, डेमोक्रेटिक पार्टी ने ट्रंप प्रशासन को जवाबदेह ठहराने और मिलर की नियुक्ति का विरोध करने का ऐलान किया है.

कांग्रेस के दोनों सदनों पर डेमोक्रेट्स का कब्जा

3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल किया. इससे रिपब्लिकन पार्टी और ट्रंप के राजनीतिक एजेंडे को बड़ा झटका लगा है. अब अमेरिकी संसद में सत्ता का संतुलन बदलने से वॉशिंगटन में विभाजित सरकार की स्थिति बनेगी. डेमोक्रेट्स ट्रंप प्रशासन की नीतियों की जांच और निगरानी बढ़ा सकेंगे. सीनेट में बहुमत के कारण वे राष्ट्रपति की ओर से प्रस्तावित नियुक्तियों को रोकने की ताकत भी रखेंगे. इस नतीजे के बाद रिपब्लिकन पार्टी पर ट्रंप के प्रभाव और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.