menu-icon
India Daily

'लोगों ने लांघ दी मर्यादा... मुझे मोलेस्ट महसूस हुआ', वृंदावन के Gen Z बाबा हुए परेशान; कमेंट्स पर जताई नाराजगी

वृंदावन के 19 वर्षीय कथावाचक शाश्वत आचार्य, जिन्हें सोशल मीडिया पर 'Gen Z बाबा' कहा जा रहा है, ने अपने पोस्ट पर आने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर नाराजगी जताई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'लोगों ने लांघ दी मर्यादा... मुझे मोलेस्ट महसूस हुआ', वृंदावन के Gen Z बाबा हुए परेशान; कमेंट्स पर जताई नाराजगी
Courtesy: @venom1s X Account

वृंदावन के 19 वर्षीय युवा कथावाचक शाश्वत आचार्य इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं. अपनी कम उम्र और आकर्षक व्यक्तित्व के चलते उन्हें इंटरनेट पर 'Gen Z बाबा' का नाम दिया गया है.  उनकी तस्वीरों और वीडियो पर बड़ी संख्या में लोग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. हालांकि, तारीफों के बीच कुछ ऐसे कमेंट्स भी सामने आए हैं, जिन्होंने उन्हें असहज कर दिया है. अब शाश्वत आचार्य ने खुद इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.

श्री स्वामी शाश्वत आचार्य जी महाराज ने एक इंटरव्यू में सोशल मीडिया पर मिल रही प्रतिक्रियाओं को लेकर बात की. बातचीत के दौरान एंकर ने उन्हें मिलने वाले कुछ कमेंट्स का जिक्र किया. इनमें उनकी आंखों और खूबसूरती की तारीफ करने वाली टिप्पणियां भी शामिल थीं. एक यूजर ने उनकी आंखों को कमल जैसी बताया था. जब उनसे सवाल किया गया कि क्या अब उन्हें समझ आ रहा है कि महिलाओं को सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की टिप्पणियों और छेड़छाड़ का सामना करने पर कैसा महसूस होता है.

महिलाओं के साथ होने वाली टिप्पणी को बताया ज्यादा गंभीर

इस सवाल के जवाब में शाश्वत आचार्य ने कहा कि सड़क पर चलने वाली लड़कियों को जिस तरह की टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है, वह उनके अनुभव से कहीं ज्यादा खराब है. उन्होंने कहा कि अगर इतनी सी बात से उन्हें बुरा महसूस हुआ है, तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि लड़कियों को ऐसी परिस्थितियों में कितना बुरा लगता होगा. उन्होंने यह भी माना कि महिलाओं को अक्सर बेहद अनुचित और आपत्तिजनक टिप्पणियां सुननी पड़ती हैं.

बोले- कमेंट्स ने पार कर दी शालीनता की सीमा

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने कुछ कमेंट्स को लेकर मोलेस्ट महसूस करने की बात क्यों कही थी, तो उन्होंने बताया कि कुछ यूजर्स की टिप्पणियां मर्यादा से बाहर थीं. शाश्वत आचार्य ने कहा कि कुछ कमेंट्स ऐसे थे, जिनसे उन्हें काफी असहज महसूस हुआ. उनके मुताबिक, लोगों ने शालीनता की सीमाओं को बुरी तरह लांघ दिया और व्यक्तिगत मर्यादा का उल्लंघन किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर किसी की तारीफ करने और अशोभनीय टिप्पणी करने के बीच अंतर होना चाहिए.

कौन हैं वृंदावन के Gen Z बाबा शाश्वत आचार्य?

श्री शाश्वत आचार्य खुद को युवा भागवत कथा वाचक बताते हैं. उनके इंस्टाग्राम बायो के मुताबिक, वह वृंदावन स्थित श्रीधाम गोदा विहार मंदिर के पीठाधीश्वर हैं. वह सोशल मीडिया पर धार्मिक कार्यक्रमों, आध्यात्मिक आयोजनों और भागवत कथाओं से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा करते रहते हैं. उनका एक यूट्यूब चैनल भी है, जहां धार्मिक प्रवचन और आध्यात्मिक विषयों से जुड़े लंबे वीडियो उपलब्ध हैं.

क्यों ट्रेंड कर रहे हैं Gen Z बाबा?

शाश्वत आचार्य पहले से ही धार्मिक कंटेंट साझा करते रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में उनकी लोकप्रियता की वजह उनका युवा व्यक्तित्व बना हुआ है. सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें 'Gen Z Baba' का नाम दे दिया है. उनकी पोस्ट पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

कुछ यूजर्स मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि अब उन्हें आध्यात्मिकता में अचानक दिलचस्पी होने लगी है, तो कुछ धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की बात कर रहे हैं. हालांकि, इस ऑनलाइन लोकप्रियता के बीच शाश्वत आचार्य ने साफ कर दिया है कि किसी की सार्वजनिक मौजूदगी उसे अशोभनीय टिप्पणियों का निशाना बनाने की छूट नहीं देती.