menu-icon
India Daily

यूपी में दर्दनाक हादसा, फ्लाईओवर पर खंभे से टकराकर धू-धू कर जली कार; 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई. तितावी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई.

Shilpa Shrivastava
यूपी में दर्दनाक हादसा, फ्लाईओवर पर खंभे से टकराकर धू-धू कर जली कार; 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
Courtesy: X

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई. तितावी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. इसके बाद वो बिजली के खंभे से जा भिड़ी.टक्कर इतनी तेज थी जिससे कार में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया. इस हादसे में सभी 6 सवार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. 

कार में लगी भीषण आग: 

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग हरियाणा से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तितावी थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर अचानक कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी जिससे कार में भीषण आग लग गई. 

कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को घेर लिया. वाहन के अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

हरियाणा के नारनौल के पास के रहने वाले थे मृतक:

एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक के अनुसार, शुरुआती जांच में मृतकों का संबंध हरियाणा के नारनौल के पास स्थित राखीखाक गांव से सामने आया है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे या नहीं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी लोग आपस में दोस्त हो सकते हैं. पुलिस मृतकों की पहचान और उनके पारिवारिक संबंधों की जानकारी जुटा रही है.

मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान:

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. साथ ही मृतकों के परिजनों से संपर्क करने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा.