नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना एक बार फिर सुर्खियों में हैं. भारत में रह रहीं शेख हसीना ने बांग्लादेश का नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) बनवाने के लिए आवेदन किया है. इस कदम को उनकी दिसंबर में बांग्लादेश वापसी की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, उनकी वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार और भारत के बीच कूटनीतिक मामला गर्माता दिखाई दे रहा है. बांग्लादेश सरकार चाहती है कि शेख हसीना को नया पासपोर्ट देने के बजाय प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत भारत से वापस सौंपा जाए.
खबरों के अनुसार, शेख हसीना के वकीलों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी दूतावास को पत्र लिखकर नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की है. यह पत्र लंदन की कानूनी फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स के वकीलों की ओर से बांग्लादेशी दूतावास में भेजा गया है. इसमें कहा गया है कि शेख हसीना बांग्लादेश की नागरिक हैं और उनके पुराने पासपोर्ट तथा पहचान पत्र रद्द किए जाने की खबरों के बाद नए दस्तावेज जारी किए जाने चाहिए.
वकीलों ने दूतावास से आवेदन पर जल्द कार्रवाई करने की अपील भी की है. अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़कर भारत आने के बाद शेख हसीना की ओर से यह पहला ऐसा औपचारिक संपर्क बताया जा रहा है.
शेख हसीना पहले ही संकेत दे चुकी हैं कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटना चाहती हैं. उनके सहयोगियों के मुताबिक, वह वहां पहुंचकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने की योजना बना रही हैं. हालांकि, उनकी वापसी की तारीख और उससे जुड़ी औपचारिकताओं को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.
बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने साफ कहा है कि सरकार शेख हसीना को वापस लाना चाहती है. उनका कहना है कि भारत और बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण संधि मौजूद है, इसलिए उन्हें नए यात्रा दस्तावेज देने के बजाय कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस सौंपा जाना चाहिए. बांग्लादेश सरकार ने शेख हसीना पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी. यह मामला छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई हिंसक कार्रवाई से जुड़ा है. हालांकि, शेख हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है. भारत पहले ही कह चुका है कि वह बांग्लादेश की प्रत्यर्पण मांग पर विचार कर रहा है.
शेख हसीना का भारत में रहना दोनों देशों के रिश्तों में तनाव की एक बड़ी वजह रहा है. बांग्लादेश लगातार उनकी वापसी की मांग कर रहा है, जबकि भारत इस मामले में कूटनीतिक और कानूनी पहलुओं पर विचार कर रहा है. शेख हसीना की संभावित वापसी से बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ सकती है. वहां कुछ लोग आज भी उनका समर्थन करते हैं, जबकि विरोधी पक्ष उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है.
फिलहाल, नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए किया गया आवेदन इस पूरे मामले में नया मोड़ लेकर आया है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि दिसंबर में शेख हसीना की वापसी हो पाती है या भारत और बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण का विवाद और गहरा जाता है.