menu-icon
India Daily

दिवाली पर मध्य प्रदेश में मौत का तांडव, आग ने उजाड़े 2 परिवार; 12 की मौत

Madhya Pradesh Fire Accidents: मध्य प्रदेश में दिवाली की खुशियां दो बड़े अग्निकांडों के कारण मातम में बदल गईं. कटनी और सिवनी जिलों में अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण आग ने दो परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया.

Shilpa Shrivastava
दिवाली पर मध्य प्रदेश में मौत का तांडव, आग ने उजाड़े 2 परिवार; 12 की मौत
Courtesy: ANI X

Madhya Pradesh Fire Accidents: मध्य प्रदेश में दिवाली की खुशियां दो बड़े अग्निकांडों के कारण मातम में बदल गईं. कटनी और सिवनी जिलों में अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण आग ने दो परिवारों को पूरी तरह उजाड़ दिया. इन दोनों हादसों में एक दो महीने के मासूम बच्चे समेत कुल 12 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं. घटनाओं के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है.

कटनी जिले में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत: 

कटनी जिले के बरही कस्बे में सोमवार आधी रात के आसपास एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई. इमारत के निचले हिस्से में बर्तनों की दुकान थी, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रहता था. आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. इस हादसे में दुकान के मालिक पूरन अग्रवाल (77), उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम और तीन पोतियों आर्या (14), अन्वी (6) तथा दो महीने के मासूम की मौत हो गई.

दो लोग बाहर निकलने में रहे सफल: 

बताया जा रहा है कि परिवार के दो अन्य लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन वे घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मासूम बच्चे की मौत उसकी मां की गोद में ही हो गई. इस दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को झकझोर दिया. बचाव दल को इमारत से शव निकालने में करीब पांच घंटे लगे.

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक लापरवाही की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.

क्या है पुलिस का कहना:

कटनी के कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया, "दीवाली की रात एक दुखद घटना घटी. एक घर में आग लग गई, जिसमें छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे. आग लगने की सूचना रात करीब 12:30 बजे मिली और 12:45 बजे तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. उन्होंने अपना काम शुरू किया, और बाद में और भी दमकल गाड़ियाँ बुलाई गईं. रात करीब 1:30 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिलने पर और भी दमकल इकाइयाँ मौके पर पहुंच गईं. आग पर काबू पाने की भरपूर कोशिश की. दुर्भाग्य से, आग को नियंत्रित नहीं किया जा सका. जब आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया गया, तो अंदर फँसे लोगों को बचाने के लिए दीवारें तोड़ी गईं. सुबह 5:00 बजे तक SDRF की टीम भी अपने पूरे दल के साथ मौके पर पहुंच गई… प्रशासन ने मामले में कदम उठा लिया है... प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी, जिसमें आर्थिक सहायता भी शामिल है..."

सिवनी में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत:

दूसरा बड़ा हादसा सिवनी जिले के छपारा कस्बे में हुआ. यहां महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास रहने वाले सुनार कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच आग लग गई. हादसे के समय घर में कुल 10 लोग मौजूद थे. आग की चपेट में आने से परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों में कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और 16 वर्षीय आदित्य सोनी शामिल हैं.

बाकी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि वे घायल हुए हैं. पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. इस घटना में आग लगने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है.