लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के करीब 40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. साथ ही कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह प्रदेश में लगातार चार से पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसूनी द्रोणी धीरे धीरे उत्तर की ओर खिसक रही है. इसके कारण गंगा के मैदानी क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियां मजबूत होंगी और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी. मंगलवार सुबह आगरा में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली.
सोमवार को भी लखनऊ समेत अवध क्षेत्र के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. राजधानी लखनऊ के कई इलाकों में 25 से 35 मिलीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई. बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट महसूस हुई और मौसम सुहावना बना रहा.
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश हो सकती है.
इसके अलावा सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.
हमीरपुर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और मुरादाबाद का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से किसानों को राहत मिलेगी और प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में भी कमी आने की संभावना है. हालांकि भारी बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतना जरूरी रहेगा.