लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में जा गिरी. इस हादसे में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
जानकारी के मुताबिक, हादसा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में हुआ. बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जिले की ओर जा रही थी. बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे. सोमवार सुबह बस जब लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया. इसके बाद बस पलटते हुए खाई में जा गिरी.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची. राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और दमकल विभाग की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं. रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया.
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh: Deputy Chief Minister Brajesh Pathak arrived at the trauma centre to visit those injured in a bus accident at the Zero Point on the Lucknow-Agra Expressway. https://t.co/HwLVPGWmBJ
— ANI (@ANI) November 9, 2026Also Read
लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए इस भीषण हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से हादसे में प्रभावित लोगों के परिजनों से संपर्क करने और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराने को भी कहा. इसके साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों और अधिकारियों से बातचीत कर सभी घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे से 6:30 बजे के बीच लखनऊ की तरफ पहले टोल प्लाजा के पास यह गंभीर हादसा हुआ. उन्होंने बताया कि एक यात्री को KGMU ट्रॉमा सेंटर में मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि दो अन्य यात्रियों को लोकबंधु अस्पताल में मृत घोषित किया गया.
डिप्टी सीएम के मुताबिक, हादसे में घायल 31 यात्रियों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 13 घायलों का इलाज KGMU ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है. अस्पतालों में घायलों के इलाज के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. जिला प्रशासन भी हादसे में प्रभावित यात्रियों के परिजनों से संपर्क कर रहा है. वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं.