दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है, जिससे लोगों को जहरीली हवा और धुंध का सामना करना पड़ रहा है.
सुबह घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है. लोगों को उम्मीद थी कि मौसम में बदलाव और बारिश से प्रदूषण में कुछ कमी आएगी, लेकिन फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कई दिनों तक दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना नहीं है.
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर की रात से पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है. इसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन दिल्ली-NCR में इसका असर बारिश के रूप में नजर आने की संभावना नहीं है.
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 9 से 15 नवंबर तक राजधानी में मौसम शुष्क बना रह सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने का अनुमान है. ऐसे में बारिश नहीं होने और हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की उम्मीद कम है.