उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के इंद्रापुरी में फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती का अंत खौफनाक वारदात के साथ हुआ. आरोप है कि महिला अपने प्रेमी से मिलने उसके दोस्त के कमरे पर पहुंची थी. वहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी. इसके बाद किसी बात को लेकर महिला और उसके प्रेमी के बीच विवाद हो गया. गुस्से में युवक ने पास में रखी ईंट से महिला के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी और उसके दोस्त को हिरासत में लिया है.
मृतका की पहचान 28 वर्षीय पिंकी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बुलंदशहर के अनूपशहर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. पिंकी अपने पति प्रमोद और दो बच्चों के साथ लोनी के इंद्रापुरी नंबर-दो स्थित नीलम फैक्टरी रोड पर किराये के मकान में रहती थी. उसका पति मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है. त्योहार के चलते प्रमोद अपने गांव बुलंदशहर गया हुआ था. इसी दौरान सोमवार 9 नवंबर की देर शाम पिंकी की हत्या कर दी गई.
प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिंकी और पिंटू की दोस्ती करीब चार से पांच महीने पहले फेसबुक के जरिए हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. बताया जा रहा है कि पिंटू और उसका दोस्त आर्यन पिंकी के घर के पास ही एक कमरा किराये पर लेकर रह रहे थे. दोनों को वहां रहते हुए करीब चार दिन हुए थे.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को पिंकी अपने प्रेमी पिंटू से मिलने उसके दोस्त आर्यन के कमरे पर पहुंची थी. कमरे में पिंकी, पिंटू और आर्यन ने पहले साथ बैठकर शराब पी. इसके बाद किसी बात को लेकर पिंकी और पिंटू के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर पिंटू ने पास में रखी ईंट उठाई और पिंकी के सिर पर कई वार कर दिए. हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान कमरे से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं. इससे आसपास रहने वाले लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. सोमवार रात करीब 8 बजकर 54 मिनट पर पुलिस को महिला की हत्या की जानकारी मिली.
सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. कमरे में पिंकी का शव जमीन पर पड़ा मिला. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने मृतका के पति और परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है.
इस मामले में पुलिस ने पिंटू और उसके दोस्त आर्यन को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. एसीपी अमरदीप मौर्य के मुताबिक, शुरुआती जांच में फेसबुक और फोन के जरिए कुछ महीने पहले दोनों की दोस्ती होने की बात सामने आई है. इसके बाद मुलाकात के दौरान विवाद हुआ और महिला की हत्या कर दी गई. पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी. फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच की जा रही है.