menu-icon
India Daily

अमेरिका... बांग्लादेश और नेपाल पर भारत का बड़ा बयान, विदेश मंत्रालय ने खोले कई राज

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका के मिडटर्म चुनाव और शेख हसीना के पासपोर्ट समेत कई मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट किया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अमेरिका... बांग्लादेश और नेपाल पर भारत का बड़ा बयान, विदेश मंत्रालय ने खोले कई राज
Courtesy: @ANI X Account

विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट किया. इसमें रूस-यूक्रेन युद्ध, अमेरिका के मिडटर्म चुनाव, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पासपोर्ट और नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा जैसे अहम मुद्दे शामिल रहे. 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत-अमेरिका के संबंध मजबूत हैं और अमेरिका में होने वाले मिडटर्म चुनाव वहां का आंतरिक मामला है. इससे दोनों देशों के रिश्तों पर कोई असर पड़ने की उम्मीद नहीं है.

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव पर भारत का रुख

रणधीर जायसवाल ने कहा कि अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव वहां का आंतरिक मामला है. भारत और अमेरिका के बीच मजबूत द्विपक्षीय समर्थन मौजूद है. दोनों देश अपनी साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि अमेरिकी चुनावों का नई दिल्ली और वाशिंगटन के संबंधों पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा.

शेख हसीना के पासपोर्ट पर क्या कहा?

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पासपोर्ट आवेदन से जुड़े सवाल पर विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट जवाब दिया. प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले में अधिक जानकारी के लिए बांग्लादेश हाई कमीशन से संपर्क करना बेहतर होगा. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारी ही ज्यादा जानकारी दे सकते हैं.

रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत ने दोहराया अपना रुख

रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष पर भारत ने एक बार फिर बातचीत और कूटनीति को ही समाधान का रास्ता बताया. विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच संवाद ही युद्ध खत्म करने का एकमात्र विकल्प है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल के महीनों में इस संघर्ष को जल्द समाप्त करने की जरूरत पर जोर दिया है.

रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति से बातचीत की थी. इस दौरान दोनों नेताओं ने अपने विचारों, मानवीय संकट और संघर्ष को समाप्त करने के संभावित उपायों पर चर्चा की. प्रधानमंत्री ने दोहराया कि भारत युद्ध खत्म कराने और शांति स्थापित करने में मदद के लिए तैयार है. भारत दोनों देशों के लगातार संपर्क में है और अपने विचार साझा कर रहा है.

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर भारतीय जहाजों की सुरक्षा की मांग

हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर भारत ने सुरक्षित, स्वतंत्र और निर्बाध आवागमन की मांग दोहराई. विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में है, ताकि आम नागरिक जहाजों और नाविकों पर हमले न हों. इसमें भारतीय झंडे वाले जहाज और भारतीय नाविक भी शामिल हैं.

नेपाल के प्रधानमंत्री जल्द आ सकते हैं भारत

नेपाल के प्रधानमंत्री की प्रस्तावित भारत यात्रा को लेकर विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत की ओर से उन्हें निमंत्रण भेजा गया है. यात्रा की तारीखों पर बातचीत चल रही है. तारीखें तय होने के बाद इसकी आधिकारिक जानकारी दी जाएगी. भारत और नेपाल के बीच मजबूत और व्यापक संबंध हैं. इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के आपसी हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है.

ढाका को दिल्ली दिखाने के मामले पर भी प्रतिक्रिया

ढाका की झुग्गी-बस्तियों से चीनी व्लॉगर्स द्वारा कथित लाइवस्ट्रीमिंग किए जाने और उसे दिल्ली के रूप में दिखाने के मामले पर भी विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी. रणधीर जायसवाल ने कहा कि किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया. उनके मुताबिक, इस तरह के झूठे नैरेटिव फैलाने से ऐसा करने वालों की विश्वसनीयता कम होती है.

क्वाड की बैठकों पर क्या बोला विदेश मंत्रालय?

क्वाड को लेकर विदेश मंत्रालय ने बताया कि हाल के दिनों में संगठन के तहत कई उच्चस्तरीय बैठकें हुई हैं. अटलांटा में आयोजित जी-20 बैठक के दौरान विदेश मंत्रियों की बैठक भी हुई थी. भारत ने कहा कि क्वाड की आगामी उच्चस्तरीय बैठकों और शिखर सम्मेलन से जुड़ी जानकारी समय-समय पर साझा की जाती रहेगी.