गांधी परिवार की अंदरूनी जिंदगी और रिश्तों को लेकर अक्सर चर्चाएं होती रही हैं. अब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' ने परिवार से जुड़े कई पुराने किस्सों को फिर से चर्चा में ला दिया है.
इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी देवरानी और संजय गांधी की पत्नी मेनका गांधी के साथ रिश्तों, उनके स्वभाव और परिवार के भीतर बदलते माहौल के बारे में कई बातें लिखी हैं. सोनिया के मुताबिक, शुरुआत में मेनका के साथ उनका रिश्ता काफी अच्छा था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा था.
सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि 1973 के अंत में संजय गांधी की मुलाकात मेनका आनंद से हुई थी. दोनों की मुलाकात संजय के एक स्कूल दोस्त की मंगनी के दौरान हुई थी. मेनका संजय से करीब 10 साल छोटी थीं. वह एक सेना अधिकारी की बेटी थीं और दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज में पढ़ाई कर रही थीं. इसके अलावा वह थोड़ी बहुत मॉडलिंग भी करती थीं.
सोनिया के मुताबिक, रिश्ता शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद संजय ने परिवार को बताया कि वह मेनका से शादी करना चाहते हैं. यह सुनकर इंदिरा गांधी हैरान रह गई थीं. इसकी वजह यह थी कि संजय पहले भी अपनी महिला मित्रों को परिवार से मिलवा चुके थे, लेकिन शादी की बात उन्होंने पहली बार इतनी जल्दी कही थी. इंदिरा गांधी ने उन्हें कुछ समय इंतजार करने की सलाह दी थी. उस समय मेनका नाबालिग थीं, इसलिए शादी के लिए उनके 18 साल पूरे होने का इंतजार करना जरूरी था.
सोनिया गांधी ने लिखा है कि इंदिरा गांधी को संजय और मेनका की उम्र के अंतर को लेकर चिंता थी. उन्हें लगता था कि दोनों के बीच आपसी तालमेल बनाने में परेशानी हो सकती है. इसके अलावा इंदिरा को एक और बात परेशान कर रही थी. उन्हें जानकारी मिली थी कि मेनका की मां अमतेश्वर आनंद संजय पर जल्द शादी की तारीख तय करने का दबाव बना रही हैं. इंदिरा गांधी ने संजय के एक करीबी दोस्त से इस जानकारी की पुष्टि भी की थी.
हालांकि, संजय गांधी अपने फैसले पर अड़े रहे. आखिरकार दोनों की सगाई हुई और सितंबर 1974 में शादी हो गई. सोनिया के अनुसार, शुरुआती दिनों में मेनका काफी जिंदादिल, बातूनी और उत्साह से भरी हुई थीं. उन्हें मेनका की बातें सुनना अच्छा लगता था. प्रियंका गांधी भी अक्सर मेनका के कमरे में जाकर उनसे कहानियां सुना करती थीं.
सोनिया गांधी ने किताब में परिवार के भीतर इस्तेमाल होने वाले संबोधनों का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा कि घर में उन्हें बहूरानी कहा जाता था, जबकि संजय गांधी की पत्नी मेनका को छोटे भाई की पत्नी होने के कारण छोटी बहूरानी कहा जाता था.
सोनिया के मुताबिक, उनके लिए परिवार में दोनों की जगह बराबर थी और वह उन्हें एक ही घर की बेटियों की तरह देखती थीं. हालांकि, उन्हें लगता था कि मेनका को छोटी बहूरानी कहे जाने से शायद अपमान महसूस होता था. कई बार मेनका उनसे रूखे अंदाज में बात करती थीं. ऐसे मौकों पर सोनिया घर का माहौल खराब न हो, इसलिए चुप रह जाती थीं. लेकिन जब उन्हें लगता था कि बात हद से आगे बढ़ रही है तो वह भी जवाब देने से पीछे नहीं हटती थीं.
सोनिया ने लिखा है कि धीरे-धीरे परिवार का माहौल बदलने लगा था. संजय और मेनका के बीच भी मतभेद सामने आने लगे थे. दोनों के बीच कई बार तेज आवाज में बहस होती थी. सोनिया के मुताबिक, मेनका गुस्से में गालियां तक दे देती थीं, यहां तक कि इंदिरा गांधी के सामने भी.
सोनिया ने यह भी लिखा कि संयुक्त परिवार में रहना मेनका जैसी युवा और मिलनसार लड़की के लिए आसान नहीं रहा होगा. संजय अपने कार प्रोजेक्ट में व्यस्त रहते थे, इंदिरा गांधी दिनभर सरकारी कामों में लगी रहती थीं, राजीव गांधी पायलट थे और सोनिया घर तथा बच्चों की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहती थीं. ऐसे में मेनका को घर का माहौल नीरस और अनुशासन से भरा महसूस होता होगा.
किताब में सोनिया गांधी ने आपातकाल के दौर का भी जिक्र किया है. उनके मुताबिक, उस समय संजय गांधी के काम करने के तरीके से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता नाराज थे. उन पर मनमाने ढंग से फैसले लेने के आरोप लग रहे थे. सोनिया ने लिखा है कि इंदिरा गांधी को मेनका की भूमिका को लेकर भी चिंता थी.
उनके अनुसार, मेनका संजय को समझाने और शांत करने के बजाय कई बार उनके व्यवहार को बढ़ावा देती थीं और उनके राजनीतिक कामों में भी हिस्सा लेती थीं. इसी संदर्भ में सोनिया ने लिखा कि इंदिरा गांधी ने तत्कालीन कैबिनेट सचिव पीएन धर से मेनका के बारे में कहा था कि 'उसके अभी से पर निकलने लगे हैं'. बाद में मेनका ने संजय के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में जाना शुरू किया और 'सूर्या' नाम की मैगजीन भी शुरू की. इसमें उनकी मां निदेशक और मेनका संपादक थीं.