menu-icon
India Daily

'वे असुरक्षाओं को समझते थे', सोनिया गांधी के बयान पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा का पलटवार

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा को लेकर किए गए खुलासे पर उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पलटवार किया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'वे असुरक्षाओं को समझते थे', सोनिया गांधी के बयान पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा का पलटवार
Courtesy: @TheGreyFlag X Account

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' रिलीज होते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है. किताब में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को लेकर किए गए खुलासे पर अब उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने प्रतिक्रिया दी है. 

सोनिया गांधी ने दावा किया था कि प्रणब मुखर्जी के मन में लंबे समय से प्रधानमंत्री बनने की इच्छा थी और उन्होंने 2010 में बातचीत के दौरान इस ओर इशारा भी किया था. इस बयान पर शर्मिष्ठा ने अपने पिता का बचाव करते हुए सोनिया गांधी से सवाल किया है कि आखिर इसमें हैरानी की क्या बात है.

सोनिया गांधी ने किताब में क्या दावा किया?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में प्रणब मुखर्जी से जुड़ी 2010 की एक बातचीत का जिक्र किया है. उनके मुताबिक, उस समय प्रणब मुखर्जी वित्त मंत्री पी. चिदंबरम से गंभीर मतभेदों का सामना कर रहे थे. एक बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की और शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का सुझाव दिया.

सोनिया गांधी ने लिखा कि उन्हें प्रणब मुखर्जी की इस बात से हैरानी हुई. उन्होंने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा के संकेत के रूप में समझा. सोनिया के मुताबिक, उन्होंने उस समय बातचीत का विषय बदल दिया. उन्हें लगा कि प्रणब मुखर्जी इस बात से निराश हुए होंगे, लेकिन उन्होंने कभी ऐसा महसूस नहीं होने दिया कि वह इस बात को लेकर उनसे नाराज हैं.

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पिता का किया बचाव

सोनिया गांधी के इस दावे पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखकर जवाब दिया. उन्होंने अपने पिता की उपलब्धियों और मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रणब मुखर्जी बेहद साधारण परिवार से आते थे. उन्होंने जीवन में जो कुछ हासिल किया, वह अपनी योग्यता और कड़ी मेहनत के दम पर किया था. उन्हें कभी कुछ भी आसानी से नहीं मिला.

शर्मिष्ठा ने कहा कि एक बार उन्होंने खुद अपने पिता से पूछा था कि क्या वह प्रधानमंत्री बनना चाहते थे. इस पर प्रणब मुखर्जी ने बेहद साफगोई से जवाब दिया था कि कोई भी ऐसा राजनेता, जिसमें पर्याप्त राजनीतिक समझ और क्षमता हो, इस पद की इच्छा रखता है.

'प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा में गलत क्या है?'

शर्मिष्ठा ने सोनिया गांधी के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई योग्य व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखता है तो इसमें गलत क्या है? उन्होंने सवाल किया कि क्या सोनिया गांधी इस बात से हैरान थीं कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति भी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकता है और उनके सामने इस इच्छा का संकेत दे सकता है.

शर्मिष्ठा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अपने पिता की डायरियों और उनके साथ हुई बातचीत के आधार पर यह बात कही है. उनके मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने सोनिया गांधी के प्रति कोई नाराजगी नहीं रखी थी. वह व्यावहारिक सोच वाले व्यक्ति थे और दूसरों की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते थे.

'वह उनकी असुरक्षाओं को समझते थे'

शर्मिष्ठा ने आगे कहा कि प्रणब मुखर्जी को सोनिया गांधी की वजहें और उनकी असुरक्षाएं समझ में आती थीं. उन्होंने कहा कि हर इंसान में कुछ न कुछ असुरक्षाएं होती हैं और उनके पिता इस मानवीय स्वभाव को समझते थे.

शर्मिष्ठा की इस प्रतिक्रिया के बाद सोनिया गांधी की किताब में किए गए दावे और प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है. एक तरफ सोनिया गांधी ने अपनी किताब में पुरानी बातचीत का अनुभव साझा किया है, वहीं दूसरी तरफ शर्मिष्ठा ने अपने पिता के राजनीतिक व्यक्तित्व और उनकी सोच का बचाव किया है.