लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सावन की शुरुआत जोरदार बारिश के साथ हुई है. लगातार हो रही वर्षा से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है और तापमान में भी अच्छी खासी गिरावट दर्ज की गई है. भारत मौसम विभाग ने बुधवार से शुक्रवार तक प्रदेश के करीब 50 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
इसके साथ ही लगभग 36 जिलों में तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने की अपील की गई है.
राजधानी लखनऊ में इस मानसून सीजन की अब तक की सबसे अधिक 66.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. लगातार बारिश के कारण दिन के तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई. कन्नौज में सबसे अधिक 125 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा बहराइच में 104 मिलीमीटर, इटावा में 100 मिलीमीटर, अयोध्या में 94.8 मिलीमीटर, लखीमपुर खीरी में 81.6 मिलीमीटर, कानपुर में 75 मिलीमीटर, बाराबंकी में 70 मिलीमीटर और जौनपुर में 68.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार हो रही वर्षा से मौसम सुहाना हो गया है और गर्मी का असर काफी कम हो गया है.
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है.
इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और कई स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने, खुले मैदानों में न जाने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है. किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम की जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है.