menu-icon
India Daily

नोएडा में 100 नए EV चार्जिंग स्टेशन बनेंगे, इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को मिलेगी बड़ी राहत

नोएडा प्राधिकरण शहर में पहले चरण में 100 नए EV चार्जिंग स्टेशन बनाएगा. इसके लिए आईटीआई, एनपीसीएल और केल्ट्रान के साथ समझौता होगा. बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहनों को देखते हुए यह योजना शुरू की जा रही है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
नोएडा में 100 नए EV चार्जिंग स्टेशन बनेंगे, इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को मिलेगी बड़ी राहत
Courtesy: X

नोएडा में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. नोएडा प्राधिकरण पहले चरण में 100 नए EV चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी में है. इसके लिए तीन सरकारी कंपनियों के साथ समझौता किया जाएगा, जिससे शहर में चार्जिंग की सुविधा पहले से बेहतर होगी.

तीन कंपनियों के साथ होगा समझौता

नोएडा प्राधिकरण इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए मजबूत चार्जिंग नेटवर्क तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. पहले चरण में शहर के अलग-अलग हिस्सों में 100 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे. इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए प्राधिकरण आईटीआई, एनपीसीएल और केल्ट्रान के साथ एमओयू करने की तैयारी कर रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह के भीतर समझौते का मसौदा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के सामने रखा जाएगा. मंजूरी मिलने के बाद तीनों कंपनियों के साथ औपचारिक समझौता किया जाएगा और परियोजना पर काम शुरू होगा.

प्राधिकरण तय करेगा जगह

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि चार्जिंग स्टेशनों के लिए जगह का चयन प्राधिकरण करेगा. इसके बाद संबंधित कंपनियां इन स्टेशनों का संचालन और रखरखाव संभालेंगी. कंपनियों को चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए जमीन लीज पर दी जाएगी. पूरी परियोजना में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधा मिल सके. अधिकारियों का मानना है कि यह व्यवस्था भविष्य में शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को और बढ़ावा देगी.

पेट्रोल पंपों के पास मिलेगी चार्जिंग सुविधा

प्राधिकरण की योजना है कि अधिकतर चार्जिंग स्टेशन पेट्रोल पंपों और उनके आसपास बनाए जाएं. इससे वाहन चालकों को एक ही जगह पर ईंधन और इलेक्ट्रिक चार्जिंग दोनों सुविधाएं मिल सकेंगी. इसके साथ ही शहर में पहले से लगे ईईएसएल के खराब पड़े चार्जिंग स्टेशनों की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है. वर्तमान में नोएडा में 16 हजार से ज्यादा चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं और हर महीने इनकी संख्या बढ़ रही है. ऐसे में नए चार्जिंग स्टेशन शहर में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे.