ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए बड़ी सड़क परियोजना की तैयारी शुरू हो गई है. शाहबेरी में बनने वाला डबल डेकर एलिवेटेड रोड सीधे एनएच-9 से जोड़ेगा. इससे लाखों लोगों का सफर तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शाहबेरी में दो मंजिला एलिवेटेड रोड बनाने की योजना को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है. इस परियोजना का प्रस्ताव 15 अगस्त के बाद होने वाली बोर्ड बैठक में रखा जाएगा. मंजूरी मिलने के बाद निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू होगी. अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का अनुमानित खर्च करीब 1200 करोड़ रुपये होगा और इसका विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है. इस सड़क के निर्माण में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, नोएडा प्राधिकरण, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मिलकर काम करेंगे. इसका उद्देश्य शाहबेरी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या को कम करना है.
योजना के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क से शाहबेरी, क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए एनएच-9 तक करीब 2.5 किलोमीटर लंबा डबल डेकर एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा. यह तीन लेन का होगा और इसकी चौड़ाई लगभग 9 से 10 मीटर रहेगी. पहली मंजिल से ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन चलेंगे. वहीं दूसरी मंजिल से गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा आने वाले वाहन गुजरेंगे. नीचे की मौजूदा सड़क स्थानीय लोगों के लिए पहले की तरह खुली रहेगी. पहले यहां चार लेन का एलिवेटेड रोड बनाने की योजना थी लेकिन जगह की कमी को देखते हुए दो मंजिला डिजाइन पर सहमति बनी.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी ने कहा कि इस सड़क के बनने से शाहबेरी में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी. दूसरी ओर, सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए जिले में 27 अवैध कट बंद करने की तैयारी भी की जा रही है. परिवहन विभाग ने बताया कि कांवड़ यात्रा खत्म होने के बाद अगले सप्ताह से इन कटों को कंक्रीट बैरियर और लोहे की ग्रिल लगाकर स्थायी रूप से बंद किया जाएगा.