उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने महिला बैंककर्मी की शिकायत पर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता डॉ. राजन रिजवी के खिलाफ केस दर्ज किया है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ग्राहक बनकर बैंक आता था और उनसे असहज करने वाला व्यवहार करता था. आरोपी ने अनुचित तरीके से उनका निजी नंबर हासिल कर आपत्तिजनक वॉट्सऐप मैसेज भेजे.
सामने आई वॉट्सऐप चैट के अनुसार, आरोपी ने महिला की सुंदरता की तारीफ करते हुए लिखा कि राज्य में सपा की सरकार बनने पर वह 'भैया जी' (मुख्यमंत्री) के माध्यम से उन्हें डेपुटेशन पर IAS बनवा देगा. महिला द्वारा विरोध करने और नंबर ब्लॉक करने पर आरोपी ने सीडीआर (CDR) निकलवाने की धमकी भी दी.
नेता ने महिला को मैसेज करते हुए लिखा, 'मैडम नमस्ते, आप एक एक्सट्रा औरा वाली महिला हैं. खूबसूरत होने के साथ आपकी सीरत बहुत अच्छी है. यानी आप कंप्लीट वुमन हैं. मुझे आपकी पर्सनेलिटी पर आपकी यह जॉब अच्छी नहीं लगती. सपा की सरकार बनती है तो मैं आपको चीफ मिनिस्टर कोटे से डेपुटेशन के आधार पर IAS बनवाने की कोशिश करूंगा.'
बैंक की महिला कर्मचारी से सपा नेता राजन रिजवी ने कहा - मुझे आपकी पर्सनालिटी और खूबसूरती देखकर आप पर ये जॉब अच्छी नहीं लगती। अगर भविष्य में मैं राजनीति में आगे जाता हूं और सपा की सरकार बनती है तो मैं आपको CM कोटे से IAS बनवाने की पूरी कोशिश करुंगा.....
— Abhimanyu Singh (@Abhimanyu1305) September 16, 2026
बैंक की महिला कर्मचारी को… pic.twitter.com/aZL5nXPhPN
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई है कि आरोपी उनके घर, वाहन और परिवार के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था. पीड़िता के पति वन विभाग में अधिकारी हैं. शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी निजी जानकारी और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है.
मामला तूल पकड़ते ही समाजवादी पार्टी ने कार्रवाई करते हुए राजन रिजवी को अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश पदाधिकारी पद से हटा दिया. वहीं, अखिल भारत हिंदू महासभा समेत विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.