लखनऊ में भी हिट एंड रन का मामला सामने आया है. गोमती नगर विस्तार में जनेश्वर मिश्रा पार्क के पास हुई कथित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आरोप है कि कार सवार युवक ने युवती को टक्कर मार दी और इसके बाद उसे कार के बोनट पर कुछ दूरी तक लेकर चला गया. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है
मामला गोमती नगर विस्तार इलाके का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, कार सवार युवक और युवती पहले से एक-दूसरे को जानते हैं. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है. इसी दौरान मामला बढ़ गया और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी.
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद युवक कार लेकर वहां से निकलने लगा. इसी दौरान युवती उसके सामने आ गई. आरोप है कि कार की टक्कर लगने के बाद युवती कार के बोनट पर जा गिरी. इसके बावजूद कार सवार युवक ने गाड़ी नहीं रोकी और युवती को कुछ दूरी तक बोनट पर लेकर चला गया. घटना में युवती के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद युवक कार लेकर मौके से फरार हो गया. इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया.
पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों के बीच विवाद किस वजह से शुरू हुआ था और घटना के समय वास्तव में क्या हुआ था. युवक की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी सामने आ सकेगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
Visuals from Lucknow, UP
— Piyush Rai (@Benarasiyaa) September 16, 2026
A car driver tried to mow down a woman near Janeshwar Mishra park. The woman initially confronted the car driver asking the latter to stop. Instead, the car driver struck the woman and sped off. pic.twitter.com/0JzaL8isUO
इससे पहले गुरुग्राम में भी हिट एंड रन का मामला सामने आया था. 13 सितंबर को गोल्फ कोर्स रोड पर हुई घटना में महिला बाइकर शिवानी चौहान ने आरोप लगाया था कि कुछ कार सवार लोगों ने उसका पीछा किया और उसे रुकने के लिए कहा. महिला के मुताबिक, जब उसने रुककर बात नहीं की तो कार सवार लोगों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और वहां से चले गए. टक्कर के बाद बाइक सवार महिला सड़क पर गिर गई थी. उसके कुछ साथी बाइकर्स ने कार का पीछा भी किया था. इस मामले में भी पुलिस की कार्रवाई जारी है.