प्रयागराज: प्रयागराज से काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए प्रयागराज से वाराणसी मार्ग पर बस सेवाओं का विस्तार कर दिया है. अब इस मार्ग पर यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक बसें उपलब्ध होंगी. नई व्यवस्था के तहत सुबह से देर रात तक नियमित अंतराल पर बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों का इंतजार कम होगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी.
परिवहन निगम की नई व्यवस्था के अनुसार प्रयागराज के सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने स्थित विद्या वाहिनी मैदान से वाराणसी के लिए सुबह छह बजे से बसों का संचालन शुरू होगा. रात 11 बजे तक हर 20 मिनट के अंतराल पर बसें उपलब्ध रहेंगी. इससे श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा करने का विकल्प मिलेगा. निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से भीड़ का दबाव भी बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा.
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने देर रात की व्यवस्था भी बनाई है. रात 11 बजे के बाद से सुबह साढ़े पांच बजे तक बसों का संचालन यात्रियों की संख्या के आधार पर किया जाएगा. यदि भीड़ अधिक रहती है तो अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी. इससे देर रात या तड़के यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
परिवहन निगम ने सरकारी और अनुबंधित दोनों प्रकार की बसों को जरूरत के अनुसार चलाने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल इस मार्ग पर 40 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि इससे यात्रियों को लंबी कतारों और अधिक इंतजार से राहत मिलेगी. काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने जाने वाले श्रद्धालुओं को अब अधिक सुविधाजनक और नियमित परिवहन सेवा मिल सकेगी.
इससे पहले रेलवे भी काशी विश्वनाथ सहित चार ज्योर्तिलिंगों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर चुका है. अब रोडवेज बसों के फेरों में बढ़ोतरी से सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी. इससे प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन के विकल्प और मजबूत होंगे.
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रवींद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल यात्रियों की संख्या नियंत्रित है, लेकिन सोमवार से भीड़ बढ़ने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त फेरे शुरू किए गए हैं. उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या अनुमान से अधिक होती है तो बसों की संख्या और फेरों में भी बढ़ोतरी की जाएगी, ताकि किसी यात्री को असुविधा न हो.