लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान मंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है. सत्र की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्वदलीय बैठक कर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं से सदन की कार्यवाही को गरिमापूर्ण ढंग से चलाने की अपील की. उन्होंने जनहित से जुडे मुद्दों पर सार्थक चर्चा का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाता है. इस बीच चार अगस्त को राज्य सरकार अनुपूरक बजट भी पेश करेगी, जिस पर सभी की नजर रहेगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन में आयोजित सर्वदलीय बैठक में कहा कि सदन जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं को उठाने का सबसे महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने सभी दलों के जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर आम जनता से जुडे विषयों पर गंभीर और सकारात्मक चर्चा करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि रचनात्मक सहयोग से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और लोकतांत्रिक परंपराएं भी मजबूत होंगी.
बैठक में मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही को बिना किसी व्यवधान के चलाने का भी अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है कि वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करे और प्रदेश के हित में अपनी बात प्रभावी ढंग से रखे. मुख्यमंत्री का मानना है कि स्वस्थ बहस से न केवल बेहतर निर्णय निकलते हैं, बल्कि जनता का विश्वास भी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर मजबूत होता है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बताया कि इस बार मानसून सत्र कई मायनों में विशेष रहेगा. उन्होंने कहा कि पहली बार विधानसभा में वंदे मातरम गीत का पूर्ण गायन किया जाएगा. उनके अनुसार भारत सरकार की अधिसूचना के अनुरूप यह कदम उठाया जा रहा है. उन्होंने सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने और ऐसा कोई व्यवहार नहीं करने की अपील की जिससे जनता के बीच गलत संदेश जाए.
मानसून सत्र के दौरान चार अगस्त को योगी सरकार अनुपूरक बजट पेश करेगी. सरकार की ओर से इसे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बजट पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विस्तृत चर्चा होने की संभावना है. राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि सरकार किन क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान करती है.
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, डॉ संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर, आराधना मिश्रा, रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया, आरके पटेल, राजपाल बालियान सहित विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए. संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी सभी सदस्यों से अपील की कि छोटा होने के बावजूद यह सत्र महत्वपूर्ण है और इसके सफल संचालन में सभी सहयोग करें.