menu-icon
India Daily

प्रेम प्रसंग में रोड़ा बनी पत्नी की कर दी हत्या, शव गोमती नदी में फेंका; नाखूनों के निशानों से खुला राज

लखनऊ के रहीमाबाद में 26 वर्षीय अंजलि सिंह की हत्या के मामले में पति समेत कई लोगों पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
प्रेम प्रसंग में रोड़ा बनी पत्नी की कर दी हत्या, शव गोमती नदी में फेंका; नाखूनों के निशानों से खुला राज
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र में 26 वर्षीय अंजलि सिंह की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार महिला का शव इटौंजा क्षेत्र में गोमती नदी से बरामद हुआ. मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में केस दर्ज किया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

मृतका के भाई पुष्पेंद्र सिंह का आरोप है कि अंजलि ने कुछ समय पहले अपने पति को एक अन्य महिला से बातचीत और संपर्क में देखा था. इसके बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा. परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के चलते अंजलि की हत्या कर दी गई. शिकायत में पति, उसकी मां, कथित प्रेमिका और अन्य लोगों को नामजद किया गया है.

परिजनों ने क्या बताया?

परिजनों का दावा है कि हत्या से पहले अंजलि ने खुद को बचाने की कोशिश की थी. उनका कहना है कि आरोपी पति के शरीर पर ताजा नाखूनों के निशान दिखाई दिए, जिससे उन्हें शक हुआ. इसके बाद उन्होंने पुलिस में हत्या की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने हत्या और शव को नदी में फेंकने की बात स्वीकार करने का दावा किया है. हालांकि मामले की पुष्टि अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों और जांच के आधार पर होगी.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार आरोप है कि हत्या के बाद शव को गोमती नदी में फेंक दिया गया और बाद में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई. इटौंजा पुलिस को नदी में महिला का शव मिलने के बाद जांच के दौरान उसकी पहचान अंजलि सिंह के रूप में हुई. इसके बाद मामला रहीमाबाद पुलिस को सौंपा गया और जांच आगे बढ़ाई गई.

रहीमाबाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल होने का संदेह वाली स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर ली है. पुलिस पांच आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.