menu-icon
India Daily

यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. जेवर थाना क्षेत्र में एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई.

Shilpa Shrivastava
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत
Courtesy: ANI X

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. जेवर थाना क्षेत्र में एक स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. शुरुआती जानकारी के अनुसार, 9 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

हादसा यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे दयानतपुर गांव के पास बताया जा रहा है. बस में यात्रियों की संख्या को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं. कुछ रिपोर्टों में करीब 35 यात्री, जबकि स्थानीय अधिकारियों की शुरुआती जानकारी में 40-50 यात्री बताए गए हैं.

अचानक बस में लगी आग, मची अफरा-तफरी:

जानकारी के मुताबिक, बस रात करीब 11:30 बजे से आधी रात के आसपास यमुना एक्सप्रेसवे पर जा रही थी. इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई. आग और धुआं देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कई यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. कुछ लोगों के बस से कूदने की भी जानकारी सामने आई है. एक यात्री ने बताया कि वह सो रहा था, तभी किसी ने उसे बस में आग लगने की जानकारी दी. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया.

9 यात्रियों की मौत, कई घायल:

इस हादसे में अब तक 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि की गई है. कुछ यात्रियों के घायल होने की भी जानकारी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इसके बाद बस को ठंडा करने यानी कूलिंग का काम किया गया, ताकि अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की स्थिति में रेस्क्यू किया जा सके.

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं:

फिलहाल बस में आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. कुछ मीडिया रिपोर्टों में प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बस से पटाखे जैसी आवाजें आने की बात कही गई है और पटाखों की मौजूदगी की आशंका भी जताई गई है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, इसलिए आग लगने का कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा.

CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान:

ग्रेटर नोएडा के इस बस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई है. फिलहाल पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं. हादसे की जांच जारी है और बस में आग लगने की वजह समेत अन्य सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है.