menu-icon
India Daily

दूल्हा फंदे पर... दुल्हन बिस्तर पर मृत, सुहागरात पर ही हुई दोनों की मौत; खतरनाक मंजर देख चीख उठे घरवाले

सिद्धार्थनगर के जनियाजोत गांव में शादी के अगले ही दिन नवविवाहित देशराज चौहान और अनीता चौहान मृत मिले. चलिए जानते हैं पूरा मामला.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
दूल्हा फंदे पर... दुल्हन बिस्तर पर मृत, सुहागरात पर ही हुई दोनों की मौत; खतरनाक मंजर देख चीख उठे घरवाले
Courtesy: Pinterest

सिद्धार्थनगर में शादी के कुछ ही घंटे बाद नवविवाहित दंपति की मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया. सोमवार को देशराज चौहान और अनीता चौहान की शादी हुई थी. घर में देर रात तक जश्न का माहौल रहा और रिश्तेदारों की आवाजाही लगी रही. लेकिन अगली सुबह इसी घर में मातम पसर गया. दोनों अपने कमरे में मृत मिले. 

परिजनों के अनुसार, सुबह दूल्हे की मौसी मीनाक्षी नवदंपति को जगाने के लिए कमरे के पास पहुंचीं. उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने दरवाजे को हल्का सा धक्का दिया तो वह खुल गया.

कैसी थी स्थिति?

दरवाजा खुलते ही कमरे के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. देशराज फंदे से लटका मिला, जबकि अनीता बिस्तर पर मृत पड़ी थी. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई.

कमरे की कुंडी अंदर से क्यों नहीं लगी थी?

नवदंपति की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल कमरे के दरवाजे को लेकर उठ रहा है. दूल्हे की मौसी का कहना है कि दरवाजा अंदर से बंद नहीं था. अनीता की बहन ने भी इस बात पर सवाल उठाया है. उनका कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.

परिजनों के मुताबिक, रात में कमरे से किसी तरह के झगड़े, विवाद या शोर की जानकारी नहीं मिली. घर के कई लोग गर्मी के कारण छत पर सो रहे थे, जबकि शादी के बाद देशराज और अनीता अपने कमरे में चले गए थे.

शादी से पहले से एक-दूसरे को जानते थे देशराज और अनीता

देशराज और अनीता एक-दूसरे को पहले से जानते थे. दोनों परिवारों की सहमति से उनका रिश्ता तय हुआ था. बताया गया कि देशराज कुछ समय से बाहर रहकर काम कर रहा था. उसके गांव लौटने के बाद अनीता भी कुछ दिन पहले उसके घर आई थी.

परिवारों की सहमति के बाद सोमवार को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों की शादी हुई. शादी के बाद घर में रिश्तेदारों और परिचितों के लिए भोजन का इंतजाम किया गया था. देर रात तक घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद दोनों की मौत की खबर से पूरा परिवार सदमे में आ गया.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही बांसी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

बांसी क्षेत्र के सीओ शुभेंदु सिंह के मुताबिक, 22 सितंबर की सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच जनियाजोत गांव में दंपति की मौत की सूचना पुलिस को मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और परिवार के लोगों से पूछताछ की. फिलहाल मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.