menu-icon
India Daily

VIDEO: नेटवर्क नहीं आया तो ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, टावरकर्मी को खंभे से बांधा; अब पुलिस ने लिया तगड़ा एक्शन

फतेहपुर के हरदौली गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने जियो टावर के तकनीशियन को पकड़कर खंभे से बांध दिया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
VIDEO: नेटवर्क नहीं आया तो ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, टावरकर्मी को खंभे से बांधा; अब पुलिस ने लिया तगड़ा एक्शन
Courtesy: @AjayDwi65357304 X Account

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों के गुस्से का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में ग्रामीणों ने जियो टावर के एक तकनीशियन को पकड़कर टावर परिसर में खंभे से बांध दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने घटना से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया है.

जानकारी के मुताबिक हरदौली गांव में करीब दो साल पहले मोबाइल टावर लगाया गया था. ग्रामीणों को उम्मीद थी कि टावर शुरू होने के बाद गांव में नेटवर्क की परेशानी दूर हो जाएगी. हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से मोबाइल नेटवर्क ठीक से काम नहीं कर रहा था. कॉल करने और इंटरनेट चलाने में लोगों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था.

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम जियो टावर का तकनीशियन गांव पहुंचा था. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद तकनीशियन को टावर परिसर में ले जाकर एक खंभे से बांध दिया गया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया. वीडियो में तकनीशियन खंभे से बंधा नजर आ रहा है. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने लिया संज्ञान

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बिंदकी क्षेत्र के हरदौली गांव में जियो टावर के तकनीशियन को स्थानीय लोगों द्वारा बंधक बनाए जाने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी. वीडियो में कुछ लोग इलाके में मोबाइल फोन पर 5G नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके बाद घटना से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया गया. पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

वायरल वीडियो बना जांच का अहम आधार

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तकनीशियन को किन परिस्थितियों में और किस वजह से खंभे से बांधा गया. वायरल वीडियो के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. वहीं, ग्रामीणों की नाराजगी की वजह गांव में लंबे समय से बनी नेटवर्क समस्या बताई जा रही है. हालांकि किसी समस्या के विरोध में किसी व्यक्ति को बंधक बनाना या उसके साथ इस तरह का व्यवहार करना कानूनन गंभीर मामला है.