menu-icon
India Daily

2000 रुपए के लिए 7 महीने की गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, हरदोई में दिल दहला देने वाली वारदात

यूपी के हरदोई में शराब के नशे में पति ने 2,000 रुपये के विवाद में अपनी 7 माह की गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी और बीच-बचाव करने आई मां पर भी हमला किया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
2000 रुपए के लिए 7 महीने की गर्भवती पत्नी की पीट-पीटकर हत्या, हरदोई में दिल दहला देने वाली वारदात
Courtesy: X

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र स्थित मयोरा गांव में एक घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया. यहां 24 वर्षीय किरण, जो कि सात महीने की गर्भवती थी, की उसके पति विशाल पाल ने लाठी से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद

पुलिस और परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम विशाल शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी किरण से दो दिन पहले दिए पैसों का हिसाब मांगने लगा. किरण ने कहा कि उसके पास 2,000 रुपये बचे हैं और वह सारा पैसा राशन पर खर्च नहीं करना चाहती, क्योंकि आगे भी पैसों की जरूरत पड़ेगी. इसी बात पर गुस्सा होकर विशाल ने लकड़ी के डंडे और लोहे के कड़े से किरण पर हमला कर दिया.

दरिंदे ने मां की भी नहीं सुनी

जब विशाल की मां प्रेमा अपनी बहू को बचाने दौड़ीं, तो विशाल ने उन्हें भी धक्का देकर बाहर निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी. प्रेमा के अनुसार, विशाल पहले भी उनके और अपने पिता के हाथ तोड़ चुका था. डर के मारे कोई पड़ोसी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया. प्रेमा ने खुद 112 नंबर पर पुलिस को फोन कर मदद मांगी.

पत्नी ने अस्पताल में तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल किरण को एम्बुलेंस से बिलग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है. परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.