menu-icon
India Daily

Punjab Weather: पंजाब में थमने लगी बारिश, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

पंजाब में मानसून फिलहाल कमजोर पड़ गया है. अगले चार दिनों तक किसी जिले के लिए मौसम अलर्ट नहीं है. केवल हिमाचल से सटे और कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Punjab Weather: पंजाब में थमने लगी बारिश, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

चंडीगढ़: पंजाब में मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक राज्य के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. इस दौरान हिमाचल प्रदेश से सटे कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा. लगातार हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है.

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल पंजाब के ऊपर कोई मजबूत बारिश तंत्र सक्रिय नहीं है. इसी वजह से व्यापक बारिश की संभावना कम है. हालांकि स्थानीय स्तर पर बादल बनने के कारण कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अगले चार दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा.

अन्य जिलों में कैसा है मौसम?

शुक्रवार को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, बरनाला, मानसा, बठिंडा, मोगा, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का और फिरोजपुर में कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने की संभावना है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

शनिवार और रविवार को भी लगभग पूरे पंजाब में केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं. हिमाचल से सटे जिलों में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत अधिक रहेगी, जबकि बाकी जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा. 

सोमवार को पश्चिमी पंजाब के फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, फरीदकोट, मोगा और तरनतारन में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, संगरूर, बरनाला और मानसा में कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है.

कितना है तापमान?

बीते दिन प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस श्री आनंदपुर साहिब में रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा फाजिल्का में 35.7 डिग्री, फिरोजपुर में 34.5 डिग्री, बठिंडा में 34.4 डिग्री, पठानकोट में 33.6 डिग्री, अमृतसर में 33.2 डिग्री, कपूरथला में 32.7 डिग्री और चंडीगढ़ में 31.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. होशियारपुर और फतेहगढ़ साहिब सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहे.