menu-icon
India Daily

महंगाई का डबल अटैक! मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें

मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं. 12 नवंबर से टोंड, फुल क्रीम और भैंस का दूध 2 से 6 रुपये तक महंगा होगा.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
महंगाई का डबल अटैक! मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें
Courtesy: X

आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है. मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. 12 नवंबर से अमूल के अलग-अलग दूध उत्पाद 2 से 6 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो जाएंगे. कंपनी ने दूध उत्पादन, पशु चारा, पैकेजिंग और परिवहन की बढ़ती लागत को इसकी वजह बताया है.

टोंड से लेकर फुल क्रीम दूध तक महंगा

गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के मुताबिक, अमूल के प्रमुख फ्रेश पाउच दूध उत्पादों की कीमतों में करीब 4 से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी. टोंड दूध 2 रुपये और अमूल गोल्ड यानी फुल क्रीम दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा होगा. वहीं, फुल क्रीम भैंस के दूध की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है.

दिल्ली-NCR में अब इतनी होगी कीमत

दिल्ली-NCR में नई दरें लागू होने के बाद दूध की कीमतें इस प्रकार होंगी:

- बल्क वेंडिंग मशीन से मिलने वाला टोंड दूध 58 से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा.
- पैकेट वाला टोंड दूध 60 से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.
- फुल क्रीम पैकेट दूध की कीमत 72 से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी.
- 6.5 प्रतिशत फैट वाला फुल क्रीम भैंस का दूध 80 से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.

मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम

अमूल से पहले मदर डेयरी भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है. कंपनी डबल टोंड दूध की कीमत 54 से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर करेगी. वहीं, गाय का दूध 62 से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.

दूध की सप्लाई में कमी से बढ़ी लागत

डेयरी उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दूध की उपलब्धता में कमी के कारण पिछले कुछ महीनों में मिल्क फैट की कीमतों में करीब 20 से 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. आमतौर पर फ्लश सीजन में दूध की सप्लाई बढ़ने से कीमतें स्थिर रहती हैं, लेकिन इस बार हालात अलग हैं.

पशु चारा और परिवहन भी हुए महंगे

अमूल के मुताबिक, पिछले एक साल में हरे और सूखे चारे, पशु आहार, दूध की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत बढ़ी है. गुजरात और देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश ने भी दूध उत्पादन को प्रभावित किया है.

कंपनी का कहना है कि कीमतें बढ़ाने का उद्देश्य दूध उत्पादकों को बेहतर भुगतान देना और उन्हें अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना है. सूत्रों के अनुसार, अमूल ने दूध में फैट के आधार पर खरीद दर बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है. इससे किसानों को दूध के लिए 60 रुपये प्रति लीटर से अधिक भुगतान मिल सकेगा.