menu-icon
India Daily

दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण की मार, दिल्ली-NCR के 5वीं तक के स्कूलों के लिए जारी हुआ ये आदेश

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण कक्षा पांच तक के स्कूलों में हाइब्रिड पढ़ाई अनिवार्य कर दी गई है. बच्चे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ सकेंगे.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण की मार, दिल्ली-NCR के 5वीं तक के स्कूलों के लिए जारी हुआ ये आदेश
Courtesy: X

दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ रही है. इसे देखते हुए सरकार ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर में कक्षा पांच तक के स्कूलों में हाइब्रिड मोड से पढ़ाई कराने का निर्देश दिया है. इसके तहत बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई का विकल्प मिलेगा.

नोएडा-गाजियाबाद में जारी हुए आदेश

ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू होने के बाद गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों ने आदेश जारी किए हैं. ये निर्देश सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू होंगे.

स्कूलों को कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई की व्यवस्था करनी होगी. जिन संस्थानों के पास ऑनलाइन कक्षाएं चलाने की सुविधा है, उन्हें इसका संचालन भी करना होगा. स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को आदेश का पूरी तरह पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं. लापरवाही या नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.

सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा नियम

दिल्ली-एनसीआर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को कक्षा पांच तक हाइब्रिड लर्निंग व्यवस्था अपनानी होगी. इसके तहत अभिभावक और बच्चे स्कूल प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराए गए विकल्पों के अनुसार ऑनलाइन या स्कूल जाकर पढ़ाई कर सकेंगे.

यह व्यवस्था GRAP-3 की पाबंदियां लागू रहने तक जारी रहेगी. प्रशासन ने साफ किया है कि स्कूल प्रबंधन अपनी मर्जी से इस निर्देश को नजरअंदाज नहीं कर सकते.

हवा और बिगड़ने की आशंका

प्रशासन के मुताबिक, प्रदूषण के गंभीर हालात को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाया गया है. मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता और खराब हो सकती है. आशंका है कि हवा की रफ्तार लगभग शून्य तक पहुंच सकती है, जिससे प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा रहेंगे.