मोहाली में आम आदमी पार्टी को नगर निगम चुनाव में जीत मिली.जिसके बाद रविवार को विशाल रोड शो आयोजित किया गया. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस रोड शो का नेतृत्व करते हुए जनता का आभार व्यक्त किया.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नगर निगम चुनाव के नतीजों ने यह साबित कर दिया है कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर भरोसा जता रही है. उन्होंने मोहाली के लोगों को इस जीत का श्रेय देते हुए कहा कि यह सफलता जनता के समर्थन और सरकार के विकास कार्यों का परिणाम है.
केजरीवाल ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान पंजाब सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. उन्होंने दावा किया कि लोगों को मुफ्त बिजली, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है.
उन्होंने कहा कि गांवों तक नहरों का पानी पहुंचाने, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने जैसे कार्यों ने लोगों का जीवन आसान बनाया है. यही वजह है कि जनता लगातार पार्टी के साथ खड़ी दिखाई दे रही है.
अपने संबोधन में केजरीवाल ने राज्य में नशे की समस्या का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय पंजाब गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस स्थिति को बदलने के लिए लगातार प्रयास किए हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब को विकास और प्रगति के रास्ते पर बनाए रखने के लिए जनसमर्थन जरूरी है.
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी रोड शो के दौरान जनता के उत्साह और समर्थन को सरकार की सबसे बड़ी पूंजी बताया. उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह किसी भी पुरस्कार या सम्मान से बढ़कर है. राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार मिल रहे समर्थन से सरकार को और अधिक ऊर्जा मिल रही है. मान ने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव की राजनीति को स्वीकार कर चुके हैं और अब विकास, पारदर्शिता तथा जवाबदेही को प्राथमिकता दे रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आने वाले समय में भी जनहित के कार्यों को गति देती रहेगी.