menu-icon
India Daily

जेल से बाहर आते ही आजम खान को फिर लगा बड़ा झटका, ED ने किया अरेस्ट; आज 10 बजे होगी पेशी

रामपुर जेल से रिहाई के कुछ ही देर बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
जेल से बाहर आते ही आजम खान को फिर लगा बड़ा झटका, ED ने किया अरेस्ट; आज 10 बजे होगी पेशी
Courtesy: Pinterest

Azam Khan Arrest: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद रामपुर जेल से रिहा किया गया था. परिवार और समर्थकों को उनकी वापसी की उम्मीद थी, लेकिन जेल के बाहर पहले से मौजूद प्रवर्तन निदेशालय की टीम उन्हें अपने साथ ले गई. ED की इस कार्रवाई के बाद आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. एजेंसी ने उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई की है. अब आज रविवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां ED उनकी कस्टडी की मांग करेगी. 

जेल के बाहर पहुंची ED की टीम, CRPF भी रही मौजूद

आजम खान की रिहाई से पहले ही ED की टीम रामपुर जेल के बाहर पहुंच गई थी. टीम के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी मौजूद थे. जेल से बाहर आते ही आजम खान को पहले हिरासत में लिया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया. ED ने इस मामले में 14 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया था. अब एजेंसी इस मामले में उनसे आगे पूछताछ करना चाहती है.

दो पैन कार्ड मामले में हाईकोर्ट से मिली थी राहत

आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने दो पैन कार्ड मामले में ट्रायल कोर्ट के फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. दोनों ने क्रिमिनल रिवीजन याचिका दाखिल कर दोषसिद्धि पर रोक, सजा निलंबित करने और अंतरिम जमानत की मांग की थी. 15 अक्टूबर को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. बाद में जस्टिस समित गोपाल की सिंगल बेंच ने दोनों की जमानत मंजूर कर सजा निलंबित कर दी.

रिहाई के बाद आजम खान ने उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल

जेल से बाहर आने के बाद आजम खान ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अब कहने के लिए क्या बचा है और वह क्या कह सकते हैं. आजम खान ने आरोप लगाया कि कानून का अस्तित्व ही खत्म हो गया है. उन्होंने सवाल किया, 'क्या मुस्लिम होने की यही सजा है?' उन्होंने कहा कि उनकी गलती सिर्फ इतनी थी कि एक मुस्लिम ने यूनिवर्सिटी बनाई और बच्चों के लिए स्कूल बनाए.

जौहर यूनिवर्सिटी की संपत्तियों पर ED की कार्रवाई

ED ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को अटैच किया था. एजेंसी के मुताबिक, इन संपत्तियों की मौजूदा बाजार कीमत 1,170 करोड़ रुपये है. ED का आरोप है कि सार्वजनिक कार्यों के लिए मिलने वाले सरकारी फंड का इस्तेमाल निजी यूनिवर्सिटी के निर्माण में किया गया. एजेंसी ने आजम खान पर मंत्री रहते हुए अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर कथित अनियमितताएं करने का आरोप भी लगाया है.

अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

आजम खान की गिरफ्तारी के बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनके समर्थन में पोस्ट किया. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, 'आज के हुक्मरानों को याद रहे जब वक़्त बदल जाता है तो तख़्त बदल जाता है.' अखिलेश ने आजम खान के खिलाफ मुकदमों को राजनीतिक साजिश बताते हुए कार्रवाई की आलोचना की.