menu-icon
India Daily

दिल्ली में आज इन रास्तों पर लगा सकता है जाम, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक का पूरा प्लान

दिल्ली में रविवार को रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली और पश्चिमी दिल्ली में सिख समुदाय की पदयात्रा के चलते कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
दिल्ली में आज इन रास्तों पर लगा सकता है जाम, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक का पूरा प्लान
Courtesy: Pinterest

Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली में रविवार को दो बड़े आयोजनों के चलते सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है. रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली प्रस्तावित है, वहीं पश्चिमी दिल्ली में सिख समुदाय की ओर से पदयात्रा निकाली जाएगी. इन आयोजनों के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई इलाकों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है.

मध्य दिल्ली में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक असर

रामलीला मैदान में होने वाली रैली के कारण मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आयोजन के दौरान जरूरत के अनुसार कुछ रास्तों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा. आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट जैसे प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है. इन इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

इन प्रमुख रास्तों से बचने की सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड के आसपास के रास्तों से बचने की सलाह दी है.

रैली के दौरान एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पताल की ओर जाने वाली एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे. इससे आपातकालीन सेवाओं को सुचारु रखने में मदद मिलेगी. वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से तय करने की सलाह दी गई है.

पश्चिमी दिल्ली में जेल रोड पर भी बदलेगा ट्रैफिक

सिख समुदाय की पदयात्रा के चलते पश्चिमी दिल्ली में भी यातायात प्रभावित हो सकता है. यह पदयात्रा हरि नगर डीटीसी डिपो से जेल रोड होते हुए तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक निकाली जाएगी. इस दौरान सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आसपास के रास्तों पर डायवर्जन लागू किया जा सकता है.

लाजवंती चौक से तिलक नगर के बीच जेल रोड की दोनों ओर की सड़कें कुछ समय के लिए बंद की जा सकती हैं. वाहन चालकों को सेवा मार्ग, पंखा रोड और मायापुरी रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.

घर से निकलने से पहले रखें इन बातों का ध्यान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों पर यात्रा करने से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. रविवार को इन आयोजनों के चलते कई इलाकों में जाम की स्थिति बन सकती है. जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें और रास्तों में बदलाव की जानकारी लेकर ही निकलें. इससे जाम में फंसने और गंतव्य तक पहुंचने में देरी होने की परेशानी से बचा जा सकता है.