शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह ट्रेन वाराणसी से दिल्ली रूट पर चलेगी. दावा किया गया है कि यात्री रात में ट्रेन में बैठेंगे और सुबह दिल्ली पहुंच जाएंगे. यानी इस ट्रेन में सफर करना ना केवल सुलभ होगा बल्कि इससे यात्रियों के समय की भी बचत होगी.
इस ट्रेन को विशेष रूप से लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्राओं के लिए ही तैयार किया गया है. यात्रा को और सुविधाजनक बनाने के लिए ट्रेन को उन्नत सुविधाएं, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है.
वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन चलेगी और अपने रूट पर पांच बड़े स्थानों को जोड़ेगी. दिल्ली पहुंचने से पहले यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और अलीगढ़ में रुकेगी, जिससे यहां के यात्री इसकी सेवा ले सकेंगे. यह ट्रेन उन लोगों के लिए सुविधाजनक होगी जो कम समय में अपने गंतव्य पर पहुंचना चाहते हैं.
#WATCH | Uttar Pradesh CM @myogiadityanath and Union Railway Minister @AshwiniVaishnaw flag off the Vande Bharat Sleeper train connecting New Delhi and #Varanasi. #YogiAdityanath #VandeBharatSleeper #VandeBharat @RailMinIndia https://t.co/7Q02loDMhD
— All India Radio News (@airnewsalerts) October 31, 2026
रेलवे द्वारा जारी किए गए टाइमटेबल के अनुसार, वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से शाम 8.50 बजे चलेगी और सुबह 6.10 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी. वहीं लौटते वक्त यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9.40 पर चलेगी और अगली सुबह 7.10 बजे वाराणसी पहुंचेगी. वाराणसी से शुक्रवार को और नई दिल्ली से शनिवार को यह ट्रेन नहीं चलेगी.
कहा जा रहा है कि वर्तमान में चलने वाली शिव गंगा एक्सप्रेस के मुकाबले इस ट्रेन में सफर करने से समय की बचत होगी. रेल मंत्रालय के अनुसार, वाराणसी-दिल्ली रूट पर समय में 55 मिनट बचेंगे और लौटते वक्त 35 मिनट की बचत होगी. रातभर यात्रा करने के लिहाज से इस ट्रेन को और अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाया गया है. यात्रियों को ट्रेन यूएसबी टाइप-A और टाइप-C पोर्ट्स के साथ चार्जिंग की सुविधा मिलेगी. लेपटॉप, फोन और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों की चार्जिंग के लिए यात्रियों को थ्री-पिन इलेक्ट्रिक सॉकिट मिलेंगे. इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा और फायर डिटेक्शन सिस्टम के साथ ट्रेन को और अधिक सुरक्षित बनाया गया है.
वंदे भारत स्लीपर में फर्स्ट एसी के यात्रियों के लिए गर्म पानी की सुविधा भी दी गई है. पूरी तरह से एसी इस ट्रेन में 16 कोच हैं, जिसमें 823 यात्री सफर कर सकेंगे. ट्रेन में फर्स्ट एसी का 1, सेकेंड एसी के 4 और थर्ड एसी के 11 कोच है.
बताया जा रहा है कि इस ट्रेन का किराया वर्तमान शिव गंगा एक्सप्रेस से 700 रुपए ज्यादा होगा.
इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि पहले वाराणसी से दिल्ली पहुंचने में 13-14 घंटे लगते थे. अब वंदे भारत स्लीपर से यह सफर 8-9 घंटे में पूरा होगा. उन्होंने आगे कहा कि बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद काशी से दिल्ली की दूरी साढ़े तीन घंटे में तय होगी.