नई दिल्ली: बीते कुछ समय से बड़ी कंपनियों में नौकरियों की छंटनी (लेऑफ) की खबरें लगातार आ रही हैं. अचानक नौकरी चले जाना किसी के लिए भी बहुत मुश्किल और तनाव भरा होता है. अगर कंपनी आपको बिना कोई वजह बताए या सही नियमों का पालन किए बिना निकाल दे, तो आप क्या कर सकते हैं? आपके पास कौन-कौन से अधिकार हैं?
इसी समस्या का आसान समाधान है न्याय सेतु ऐप. भारत सरकार के कानून और न्याय मंत्रालय ने इस ऐप को आम लोगों के लिए बनाया है. इसमें आसान भाषा में कानूनी जानकारी दी जाती है, जिससे हर व्यक्ति अपने अधिकारों को समझ सके.
यह ऐप आम आदमी को कानूनी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराता है. कई बार लोग नहीं जानते कि उनके साथ गलत हुआ है या नहीं. इस ऐप की मदद से आप घर बैठे ही जान सकते हैं कि श्रम कानून के अनुसार कंपनी आपको किस तरह निकाल सकती है और क्या गलत है.
अगर आपको बिना नोटिस दिए, बिना कारण बताए या तय प्रोसेस का पालन न करते हुए निकाल दिया गया है, तो इस ऐप में आप अपने अधिकारों की पूरी जानकारी ले सकते हैं जिसमें कितने दिन का नोटिस मिलना चाहिए?, कितना मुआवजा (Compensation) मिल सकता है?, कहां शिकायत करनी चाहिए? और कानूनी रास्ते क्या हैं? शामिल हैं. यह ऐप आपको सही दिशा दिखाता है, जिससे आप घबराए नहीं और अपनी लड़ाई सही तरीके से लड़ सकें.
यह ऐप बहुत आसानी से डाउनलोड हो जाता है.
गूगल प्ले स्टोर पर जाकर Nyaya Setu सर्च करें.
एप्पल ऐप स्टोर पर भी उपलब्ध है.
आप कानून मंत्रालय के आधिकारिक एक्स हैंडल पर दिए गए QR Code को स्कैन करें.
एक बार डाउनलोड करने के बाद आप कहीं भी, कभी भी जरूरी कानूनी जानकारी ले सकते हैं. वकील के पास जाने या कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने से पहले इस ऐप से जानकारी लेना बहुत फायदेमंद है. अगर आपकी नौकरी छिन गई है या कंपनी ने गलत व्यवहार किया है, तो चुप रहने की बजाय पहले अपने अधिकार जानें. न्याय सेतु ऐप इसी के लिए है. सही जानकारी आपको ताकत देती है. सरकार का यह कदम आम लोगों को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा काम कर रहा है. आज ही डाउनलोड करें और तैयार रहें.