दिल्ली और फरीदाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. राजधानी की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल मथुरा रोड को जल्द ही सिग्नल फ्री बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद आश्रम चौक से बदरपुर तक का सफर कहीं ज्यादा तेज, सुगम और जाम मुक्त हो जाएगा. वर्तमान में इस रास्ते पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा रहा है.
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने परियोजना को लेकर आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं. अधिकारियों के अनुसार, इस साल दिसंबर से पहले निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है. इसके लिए वन विभाग से अनुमति मांगी गई है, जबकि बिजली और पाइपलाइन जैसी उपयोगिताओं को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी संबंधित विभागों के साथ आगे बढ़ाई जा रही है. परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट अंतिम चरण में है.
योजना के तहत मथुरा रोड पर तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहन अंडरपास (वीयूपी) बनाए जाएंगे. पहला अंडरपास माता मंदिर मार्ग चौक और NFC चौक के बीच, दूसरा CRRI चौक और अपोलो अस्पताल के बीच और तीसरा आली गांव मोड़ मदनपुर खादर जंक्शन पर बनाया जाएगा. प्रत्येक अंडरपास की लंबाई लगभग 300 से 350 मीटर और ऊंचाई 5.5 मीटर प्रस्तावित है.
आश्रम से बदरपुर के बीच हर दिन लगभग चार लाख वाहन गुजरते हैं. इस मार्ग पर मौजूद पांच ट्रैफिक सिग्नलों के कारण वाहन चालकों को बार-बार रुकना पड़ता है. कई बार एक चौराहा पार करने के लिए दो से तीन सिग्नल चक्रों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे सफर में काफी समय लगता है. परियोजना पूरी होने के बाद 25 से 30 मिनट तक की समय बचत संभव होगी.
मथुरा रोड के सिग्नल फ्री होने से आश्रम, सराय काले खां, निजामुद्दीन, ओखला, जसोला, सरिता विहार, तुगलकाबाद और बदरपुर समेत कई क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. इसके अलावा अपोलो अस्पताल आने जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों की यात्रा भी अधिक सुविधाजनक हो जाएगी. साथ ही दिल्ली से फरीदाबाद, पलवल, मथुरा, भरतपुर और आगरा की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी.