menu-icon
India Daily

चार सुपर जोन में बांटा कैंची धाम, जानें इन तीन दिनों के लिए क्या है ट्रैफिक प्लान

कैंची धाम के 62वें स्थापना दिवस पर सुरक्षा के लिए विशेष जोन बनाए गए हैं और 16 जून तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
चार सुपर जोन में बांटा कैंची धाम, जानें इन तीन दिनों के लिए क्या है ट्रैफिक प्लान
Courtesy: Pinterest

नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में सोमवार को 62वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार सुबह पांच बजे विशेष पूजा और मालपुए के भोग के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत हुई. मंदिर समिति के अनुसार सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे. इसके बाद भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही. 

मेले और भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए चार सुपर जोन और 14 जोन बनाए गए हैं. पुलिस, प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.

कैसी की गई है ट्रैफिक व्यवस्था?

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 16 जून तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. भवाली से खैरना तक के मार्ग को जीरो जोन घोषित किया गया है, जहां सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है.

शनिवार से ही भीमताल, भवाली और खैरना से श्रद्धालुओं को शटल बसों के माध्यम से कैंची धाम भेजा जा रहा है. भीमताल के सिडकुल पार्किंग क्षेत्र में निजी वाहनों को खड़ा कराया जा रहा है, जिसके बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है. इससे मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल रही है.

पुलिस ने कैसे संभाला मोर्चा?

सुबह छह बजे के बाद भवाली की ओर से श्रद्धालुओं की लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई. पुलिस और प्रशासन की टीम श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश दिलाने में जुटी रही. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित होती दिखाई दीं. कैंची धाम में आस्था, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है.

देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से आए भक्त भी इस विशेष अवसर पर कैंची धाम पहुंचे हैं. स्थापना दिवस को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.