सोशल मीडिया पर चलती ट्रेन के एसी कोच का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक यात्री ऊपरी बर्थ पर बैठकर तेल का दीपक और अगरबत्ती जलाकर पूजा करता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. रेलवे ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एसी कोच के अंदर एक यात्री पूजा कर रहा है और उसके सामने दीपक तथा अगरबत्ती जल रही है. कुछ ही देर में कोच के भीतर धुआं फैलने लगता है. इस दौरान वीडियो बना रहा एक अन्य यात्री उसे समझाता है कि चलती ट्रेन के बंद एसी डिब्बे में खुली आग जलाना खतरनाक हो सकता है. हालांकि वीडियो में पूजा कर रहा व्यक्ति अपनी गतिविधि जारी रखता है.
चलती ट्रेन के AC कोच में ऊपरी बर्थ पर बैठकर पूजा करते एक यात्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पूजा के दौरान उसने अगरबत्ती और दीपक भी जलाया। यह देखकर एक जागरूक यात्री ने उसे तुरंत समझाया और बताया कि धुआं फैलने पर फायर अलार्म सक्रिय हो सकता है। साथ ही खुली आग बड़ी दुर्घटना… pic.twitter.com/cdb3mmcy0p
— Saru (@Sunita_kumari_) July 27, 2026
यह वीडियो एक्स पर झारखंड रेल यूजर्स नाम के एक अकाउंट से साझा किया गया. पोस्ट में कहा गया कि अगरबत्ती का धुआं ट्रेन के फायर अलार्म को सक्रिय कर सकता है और खुली आग यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकती है.
रेलवे से जुड़े जानकारों के अनुसार एसी कोच में ऑटोमैटिक स्मोक डिटेक्टर लगे होते हैं, जो धुआं होने पर फायर अलार्म को सक्रिय कर सकते हैं. इसके अलावा कोच के अंदर मौजूद गद्दे, पर्दे और अन्य सामग्री आग पकड़ सकती है. ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रेलवे सेवा ने वीडियो साझा करने वाले व्यक्ति से ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख और पीएनआर नंबर जैसी जानकारी मांगी है, ताकि घटना की जांच की जा सके. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की शिकायत रेल मदद पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराएं, जिससे समय पर कार्रवाई की जा सके.
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी अलग अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं. कई यूजर्स ने कहा कि धार्मिक आस्था का सम्मान होना चाहिए, लेकिन सार्वजनिक परिवहन में ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए जिससे अन्य यात्रियों की जान और सुरक्षा खतरे में पड़े. कई लोगों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाने की मांग भी की.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो किस ट्रेन का है और घटना कब की है. रेलवे ने कहा है कि आवश्यक जानकारी मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.