खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर मदद के लिए जुटे लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में तीन बच्चों और तीन महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल है. घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर हुई. पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय लोग पहले से हुए एक स्कूटी दुर्घटना के पीड़ित की मदद कर रहे थे.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी सवार अपना नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा. हादसे को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. वे स्कूटी सवार की मदद करने में जुटे थे. इसी दौरान तोरपा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. घायलों को खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 12 वर्षीय सौरभ नायक ने भी दम तोड़ दिया. इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई.
Khunti, Jharkhand: Seven people died and one sustained injuries in a tragic road accident in the Karra police station area of Khunti district. An overspeeding truck ran over several people who had gathered at the spot following an accident involving a scooty rider: SP, Khunti
— ANI (@ANI) November 5, 2026
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पाको देवी, कसिला देवी, मनहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, टुटी कुमारी और सौरभ नायक के रूप में हुई है. मृतकों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं. वहीं, खुशबू कुमारी नाम की महिला घायल हुई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. हादसे में शामिल ट्रक का नंबर JH 02 AJ 1377 बताया गया है.
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि कर्रा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को कुचल दिया, जिससे सात लोगों की मौत हुई और एक महिला घायल हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुख सहने की शक्ति मिलने और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.