menu-icon
India Daily

गिरिडीह में रिश्ते का खौफनाक कत्ल, बहनोई ने साले की हत्या कर जंगल में छिपाया शव; एक महीने बाद मिला कंकाल

गिरिडीह में एक महीने से लापता युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बहनोई को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर जंगल से कंकाल बरामद किया गया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
गिरिडीह में रिश्ते का खौफनाक कत्ल, बहनोई ने साले की हत्या कर जंगल में छिपाया शव; एक महीने बाद मिला कंकाल
Courtesy: Pinterest (Representative image)

गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में एक महीने से लापता युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. मामले में मृतक के बहनोई को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साले की हत्या कर उसका शव धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के बसहा जंगल में छिपा दिया था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से युवक का कंकाल बरामद कर लिया है. शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है.

मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सियारंगी गांव निवासी शंकर सिंह उर्फ बिंदु के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी चंदन कुमार भोक्ता ने 20 जून को शंकर को धनबाद ले जाने का बहाना बनाया और अपने साथ बसहा जंगल ले गया. वहां उसने कथित तौर पर पहले गमछे से गला घोंटा और फिर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी शव को जंगल में छोड़कर लौट आया.

आरोपी ने बचने के लिए क्या किया?

हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी ने पीरटांड़ थाने में शंकर की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी. पिछले एक महीने तक वह पुलिस और परिजनों को अलग अलग बातें बताकर गुमराह करता रहा. हालांकि उसके बार बार बदलते बयानों से परिवार को शक हो गया. परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली.

पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश की एक युवती से फोन पर बातचीत करता था. बाद में उसने उस युवती की बात अपने साले शंकर से कराई. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई और शंकर उस युवती से शादी करना चाहता था. आरोपी के अनुसार उसने शंकर को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसने उसकी हत्या कर दी. पुलिस फिलहाल आरोपी के इस दावे की भी जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

आरोपी की निशानदेही पर पीरटांड़ थाना पुलिस और टुंडी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बसहा जंगल से कंकाल बरामद किया. अवशेषों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.