menu-icon
India Daily

अंतिम संस्कार के सफर में मौत का तांडव, शव लेकर काशी जा रहे थे 19 लोग; ट्रक की टक्कर से सात लोगों की गई जान

झारखंड के हजारीबाग स्थित चौपारण की दनुआ घाटी में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. बिहार के बगोदर क्षेत्र से एक शव लेकर 19 लोग वाराणसी जा रहे थे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अंतिम संस्कार के सफर में मौत का तांडव, शव लेकर काशी जा रहे थे 19 लोग; ट्रक की टक्कर से सात लोगों की गई जान
Courtesy: Pinterest

झारखंड के हजारीबाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया. 19 लोग एक शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बिहार से उत्तर प्रदेश के काशी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए भीषण हादसे में सात लोगों की जान चली गई. वहीं, 14 लोग घायल हो गए. हादसा सोमवार को हजारीबाग के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे जा रही सवारी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी.

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग बिहार के बगोदर क्षेत्र के बिहारो टांड से एक शव लेकर वाराणसी जा रहे थे. सवारी गाड़ी में शव रखा हुआ था और परिवार के सदस्य व परिचित लोग उसमें सवार थे. उनका मकसद काशी पहुंचकर अपने परिजन का अंतिम संस्कार करना था. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर कई अन्य लोगों के लिए भी आखिरी साबित होगा.

कब हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि जब सवारी गाड़ी हजारीबाग के चौपारण स्थित दनुआ घाटी पहुंची, तब कुछ यात्रियों को शौच के लिए रुकना पड़ा. इस दौरान चालक गाड़ी को सड़क किनारे लगा रहा था. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी में बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद मची चीख-पुकार, सात लोगों की मौत

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक अस्पताल चौपारण पहुंचाया गया.

अस्पताल में इलाज के दौरान सात लोगों की मौत हो गई. वहीं, हादसे में घायल 14 लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. घायलों का वहां इलाज जारी है.

पुलिस जुटा रही हादसे से जुड़ी जानकारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य की कमान संभाली. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

दनुआ घाटी में हुआ यह हादसा बेहद दुखद है. जिन लोगों का सफर एक परिजन के अंतिम संस्कार के लिए शुरू हुआ था, उन्हें रास्ते में ही एक और बड़े दुख का सामना करना पड़ा. एक शव को काशी लेकर जा रहे लोगों के बीच सात और मौतों की खबर ने कई परिवारों को शोक में डुबो दिया.