menu-icon
India Daily

'मंत्री-विधायक के बच्चे भी यहीं पढ़ें', सरकारी स्कूलों पर CM सम्राट का बड़ा दांव; कहा- खुलेंगे 400 नए कॉलेज

बिहार में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 400 से अधिक डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा हुई है. सरकार ने शिक्षकों की कमी दूर करने, छात्रावास बनाने और ऑनलाइन पढ़ाई विस्तार की योजना बताई.

KanhaiyaaZee
'मंत्री-विधायक के बच्चे भी यहीं पढ़ें', सरकारी स्कूलों पर CM सम्राट का बड़ा दांव; कहा- खुलेंगे 400 नए कॉलेज
Courtesy: Social Media

पटना: पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षा को लेकर कई बड़ी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बिहार में 400 से अधिक नए डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए घर से दूर न जाना पड़े. सरकार ने कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए हजारों पद सृजित किए हैं. साथ ही सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को रात 11 बजे तक ऑनलाइन शिक्षक उपलब्ध कराने की योजना भी सामने रखी गई.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 400 से अधिक डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे. उनका लक्ष्य विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा उनके आसपास उपलब्ध कराना है. सरकार ने शिक्षकों के करीब 9 हजार नए पद सृजित किए हैं. चौधरी ने कहा कि डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने का काम 9 से 10 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

सरकारी स्कूलों में आएगा बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले एक-दो वर्षों में सरकारी शिक्षा व्यवस्था में ऐसा बदलाव लाने का प्रयास होगा, जिससे मंत्री, विधायक और जिला पदाधिकारियों के बच्चे भी सरकारी स्कूलों में पढ़ें. उनके मुताबिक, सक्षम परिवारों के बच्चे सरकारी स्कूलों में आने लगेंगे, तभी शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार का असर दिखाई देगा.

रात 11 बजे तक मिलेंगे ऑनलाइन शिक्षक

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन शिक्षा की सुविधा बढ़ाने की भी घोषणा की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को रात 11 बजे तक ऑनलाइन शिक्षक उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी. इसे 15 अगस्त से लागू करने का लक्ष्य है. इसके अलावा TRE-4 के तहत करीब 32 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है.

बेटियों के लिए हर जिले में छात्रावास

मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुसूचित जाति की बेटियों को शिक्षा के लिए गांव से बाहर जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए हर जिले में माता सावित्रीबाई फुले के नाम पर आवासीय छात्रावास और विद्यालय खोले जाएंगे. उन्होंने संस्कृत शिक्षा पर भी पर्याप्त ध्यान देने की बात कही. किशनगंज में उर्दू विद्यालय खोलने की जरूरत पर भी सरकार काम करेगी.

दिनकर और जुब्बा साहनी के नाम पर विश्वविद्यालय

बिहार में नए विश्वविद्यालयों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कई योजनाएं बताईं. बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर साहित्य विश्वविद्यालय स्थापित करने की बात कही गई. भागलपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर AI और कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय बनाने की योजना है. मुजफ्फरपुर में जुब्बा साहनी के नाम पर आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय की दिशा में भी काम शुरू होने की जानकारी दी गई.