menu-icon
India Daily

Chhath 2026: दिल्ली से आज चलेंगी 23 स्पेशल ट्रेनें, रेलवे ने स्टेशनों पर किए खास इंतजाम

छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं. आज 23 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Chhath 2026: दिल्ली से आज चलेंगी 23 स्पेशल ट्रेनें, रेलवे ने स्टेशनों पर किए खास इंतजाम
Courtesy: @airnewsalerts

छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं. यात्रियों को टिकट, खानपान और अन्य सुविधाएं आसानी से मिल सकें, इसके लिए स्थायी और अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं. उत्तर रेलवे के अनुसार, आज दिल्ली क्षेत्र के अलग-अलग स्टेशनों से पूर्वांचल और अन्य गंतव्यों के लिए कुल 23 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी.

नई दिल्ली और आनंद विहार में होल्डिंग एरिया

रेलवे ने नई दिल्ली स्टेशन पर पहले से मौजूद स्थायी होल्डिंग एरिया के अलावा आनंद विहार टर्मिनल पर भी नया स्थायी होल्डिंग एरिया शुरू किया है. आनंद विहार में यात्रियों के लिए टेंट वाला अस्थायी होल्डिंग एरिया भी तैयार किया गया है.

इन जगहों पर UTS टिकट काउंटर, शौचालय, एटीएम, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन और खानपान स्टॉल की सुविधा दी गई है. यात्रियों की मदद के लिए 'मे आई हेल्प यू' बूथ और उद्घोषणा प्रणाली भी उपलब्ध है. भीड़ को संभालने और यात्रियों को सही जानकारी देने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

स्टेशनों पर गूंज रहे छठ के गीत

यात्रियों को त्योहार जैसा माहौल देने के लिए दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों पर छठ के भक्ति गीत बजाए जा रहे हैं. रेलवे का कहना है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्रियों को सहूलियत देना और स्टेशन परिसर में भीड़ को व्यवस्थित रखना है.

किस स्टेशन से कितनी स्पेशल ट्रेनें?

उत्तर रेलवे के शेड्यूल के मुताबिक, आज आनंद विहार टर्मिनल से सबसे ज्यादा आठ स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. नई दिल्ली स्टेशन से छह, हजरत निजामुद्दीन से तीन और शकूरबस्ती से भी तीन ट्रेनें रवाना होंगी. इसके अलावा दिल्ली जंक्शन से दो और रोहतक से एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. इस तरह कुल 23 विशेष ट्रेनों का संचालन होगा.

वरिष्ठ अधिकारी कर रहे निगरानी

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ पर लगातार नजर रखी जा रही है. मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक और मुख्यालय व मंडल के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख स्टेशनों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं. सुरक्षा के लिए RPF और GRP को भी अलर्ट पर रखा गया है.

जरूरत पड़ने पर पहले से निर्धारित ट्रेनों के अलावा कम समय के नोटिस पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, होल्डिंग एरिया में ही इंतजार करें और ट्रेन की सही जानकारी के लिए उद्घोषणा या हेल्प डेस्क की मदद लें.