पटना: पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. जीरो माइल के पास तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 वर्षीय मनीष की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया और कई वाहनों में आग लगा दी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
जानकारी के अनुसार मनीष फ्लेक्स बनाने का काम करता था और हर दिन अपने गांव से पटना काम करने आता था. शुक्रवार सुबह भी वह रोज की तरह करीब सात बजे काम के लिए निकला था. इसी दौरान जीरो माइल के पास एक तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मनीष अपने परिवार में तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था.
A major uproar erupted in #Bihar #Patna after a child died in a road accident. Several vehicles, including a bus, were set on fire. pic.twitter.com/tX6RB1CUix
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) August 7, 2026
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. गुस्साई भीड़ ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार मानी जा रही स्लीपर बस में आग लगा दी. बस करीब एक घंटे तक जलती रही. आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को भी भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ.
स्थिति धीरे धीरे और बिगड़ती गई. आक्रोशित लोगों ने दो पुलिस वाहनों, कई बसों और मोटरसाइकिलों समेत करीब 10 वाहनों में आग लगा दी. ट्रैफिक पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया गया. इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर जाम लगा दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना के दौरान कुछ पत्रकारों के साथ भी मारपीट की सूचना मिली है.
हालात को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर 9 थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आग पर काबू पाने और यातायात बहाल कराने की कार्रवाई शुरू की. अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.