menu-icon
India Daily

'मैं पहली बीवी हूं...' कानपुर शादी समारोह में महिला ने रोकी दूल्हे की दूसरी शादी, Video Viral

कानपुर में शादी रिसेप्शन के दौरान पहली पत्नी के पहुंचने से हंगामा मच गया. महिला ने दावा किया कि दूल्हे ने बिना तलाक दूसरी शादी की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
'मैं पहली बीवी हूं...' कानपुर शादी समारोह में महिला ने रोकी दूल्हे की दूसरी शादी, Video Viral
Courtesy: X (@PredatorVolk) & AI

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक शादी समारोह उस समय विवादों में आ गया जब एक महिला पुलिस के साथ रिसेप्शन में पहुंची और उसने दूल्हे को अपना पति बताया. महिला का आरोप है कि उसका तलाक नहीं हुआ है और दूल्हे ने दूसरी शादी कर ली. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि पूरे विवाद की सच्चाई सामने आ सके और कानूनी स्थिति स्पष्ट हो. 

'मैं पहली बीवी हूं...'

कानपुर के चकेरी इलाके में शुक्रवार रात चौधरी मैरिज लॉन में शादी का रिसेप्शन चल रहा था. इसी दौरान चमनगंज निवासी सहाना हसन पुलिस अधिकारियों के साथ वहां पहुंचीं. उन्होंने दावा किया कि दूल्हा आसिफ मोहम्मद पहले से उनका पति है और बिना कानूनी तलाक लिए उसने दूसरी शादी कर ली है. इसके बाद मंच पर मौजूद दुल्हन और सहाना के बीच बहस शुरू हो गई.

शादी का ये क्लीप सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है जिसमें सहाना को कहते सुना जा सकता है कि, 'तुम्हें पता है मैं कौन हूं, मैं पहली बीवी हूं, तलाक नहीं हुआ है, और मैं ये नहीं होने दूंगी.'

फेसबुक से शुरू हुई थी दोनों की कहानी

सहाना ने बताया कि उनकी मुलाकात आसिफ से फेसबुक के जरिए हुई थी. दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और साल 2022 में उन्होंने लव मैरेज किया था. महिला के अनुसार दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत थे और शादी पारंपरिक तरीके से हुई थी. हालांकि, साल 2024 में दोनों के रिश्तों में तनाव आया और विवाद बढ़ने के बाद मामला अदालत तक पहुंच गया.

अदालत में लंबित है वैवाहिक विवाद

सहाना ने आसिफ के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की थी. वहीं, आसिफ की ओर से भी वैवाहिक अधिकारों की बहाली के लिए मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है. सहाना का कहना है कि उन्हें पड़ोसी से जानकारी मिली कि आसिफ दूसरी शादी का रिसेप्शन कर रहा है. इसके बाद वह पुलिस के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचीं और अपना पक्ष रखा.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

वायरल वीडियो में सहाना को मंच पर जाकर दुल्हन से बातचीत करते देखा जा सकता है. उन्होंने कहा कि वह पहली पत्नी हैं और तलाक नहीं हुआ है. विवाद बढ़ने पर दूल्हे के वहां से जाने की कोशिश करने की बात सामने आई. पुलिस ने हस्तक्षेप कर आसिफ को पूछताछ के लिए चौकी ले गई. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी.