menu-icon
India Daily

इंदौर में गुड़ खिलाते ही भड़का हाथी, सूंड में लपेटकर पटका; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

इंदौर में हाथी को गुड़ खिलाने गए ऑटो चालक विजय होलकर पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया. गंभीर घायल विजय की इलाज के दौरान मौत हो गई. पूरी घटना CCTV में रिकॉर्ड हुई.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
इंदौर में गुड़ खिलाते ही भड़का हाथी, सूंड में लपेटकर पटका; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
Courtesy: X (@AnathNagrik)

इंदौर के चंदन नगर इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को हैरान कर दिया. हाथी को गुड़ खिलाने पहुंचे ऑटो चालक विजय लक्ष्मणराव होलकर की हाथी के हमले में मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब वह सामान्य तरीके से हाथी को भोजन देने पहुंचे थे. अचानक हाथी के आक्रामक होने से कुछ ही पल में माहौल बदल गया. इस पूरी घटना का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

गुड़ खिलाने के दौरान अचानक हमला

बता दें मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित राजनगर इलाके में यह घटना सामने आई. मृतक विजय लक्ष्मणराव होलकर की उम्र 49 साल थी और वह ऑटो रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे. जानकारी के अनुसार, जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उज्जैन से कुछ साधु हाथी लेकर इंदौर पहुंचे थे. शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे विजय हाथी के पास पहुंचे और उसे गुड़ खिलाने लगे. इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया और ऑटो चालक पर हमला कर दिया. 

हाथी ने सूंड से उठाकर जमीन पर पटका

चश्मदीदों के मुताबिक, हाथी ने अचानक विजय को अपनी सूंड में लपेट लिया और जोर से जमीन पर पटक दिया. इसके बाद हाथी ने उनके सीने पर पैर भी रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह विजय को हाथी के पास से हटाया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया.

इलाज के दौरान हुई मौत

घायल विजय को सबसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया. हालांकि, परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है. एक सामान्य मुलाकात और भोजन कराने की कोशिश अचानक जिंदगी का आखिरी पल बन गई.

CCTV में कैद हुआ पूरा हादसा

हाथी के हमले की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे कुछ ही सेकंड में स्थिति बदल गई. हादसे का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. लोग इस घटना को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं और ऐसे कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं.