नई दिल्ली: रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' 5 नवंबर को रिलीज हो गई है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी समय से उत्साह बना हुआ था. खासतौर पर सनी देओल के हनुमान जी के किरदार को लेकर फैंस उनकी पहली झलक देखने का इंतजार कर रहे थे. अब फिल्म की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर सनी देओल की एक दमदार झलक चर्चा का विषय बन गई है.
फिल्म के रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसके कई सीन की चर्चा हो रही है. इसी बीच सनी देओल के हनुमान जी वाले किरदार की झलक भी सामने आने की खबरें वायरल हो रही हैं. बताया जा रहा है कि सनी देओल पहले पार्ट की मुख्य कहानी में नजर नहीं आए हैं, बल्कि उनकी झलक फिल्म के आखिरी में दिखाए गए पोस्ट-क्रेडिट सीन में है.
वायरल हो रहे सीन के मुताबिक, इसमें हनुमान जी का चेहरा नहीं दिखाया गया है. उनकी पीठ की तरफ से झलक दिखाई गई है, जिसमें वह हाथ में विशाल गदा उठाए नजर आते हैं. बताया जा रहा है कि वह हवा में उड़ते हुए भगवान श्रीराम का जयकारा लगाते दिखाई देते हैं. इस दौरान दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक सीन को और प्रभावशाली बनाता है.
इस छोटी सी झलक ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है. हालांकि, सनी देओल के पूरे लुक और उनके किरदार को लेकर ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
माना जा रहा है कि सनी देओल की असली भूमिका फिल्म के दूसरे पार्ट में देखने को मिलेगी. पहले दूसरे भाग को दिवाली 2027 पर रिलीज करने की चर्चा थी, लेकिन अब इसकी रिलीज को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. मेकर्स की ओर से नई तारीख की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आ रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दोनों भागों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि दूसरे भाग में सनी देओल का हनुमान अवतार कितना भव्य और दमदार होने वाला है.